//रत्नेश रागी,रूपेश जैन//
बकस्वाहा(छतरपुर)। छतरपुर एसडीएम प्रियांशी भंवर द्वारा वरिष्ठ पत्रकार सुरेन्द्र अग्रवाल को धमकी देने की मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ ब्लॉक/तहसील इकाई बकस्वाहा के अध्यक्ष राजेश रागी सहित समस्त पदाधिकारी व सदस्यों ने कड़े शब्दों में निंदा आलोचना की है और कलेक्टर व प्रशासन से मांग की है कि कथित एसडीएम को तुरन्त ही हटाकर सख्त कार्यवाही की जाय।
उल्लेखनीय है कि मंगलवार को एसडीएम द्वारा कर्मचारियों की ड्यूटी लगाने के आदेश को लेकर जिले के वरिष्ठ पत्रकार और मध्य प्रदेश श्रमजीवी पत्रकार संघ की प्रांतीय कार्यसमिति के सदस्य सुरेन्द्र अग्रवाल ने सोशल मीडिया में एक खबर चलाई थी। इस खबर को लेकर एसडीएम सुश्री भंवर ने श्री अग्रवाल को फोन कर उनसे बिना पूछे खबर चलाने पर एफआईआर दर्ज कराने की धमकी दी थी।
संघ के जिलाध्यक्ष श्याम खरे ने पूरे मामले की जानकारी कलेक्टर शीलेन्द्र सिंह को दी। जिससे कलेक्टर श्री सिंह ने वरिष्ठ पत्रकार श्री अग्रवाल को फोन कर पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।
संघ के सभी पदाधिकारियों और सदस्यों ने एसडीएम के इस रवैये की कडी आलोचना निंदा करते हुए तुरन्त ही हटाकर सख्त कार्यवाही की मांग की है।
श्री अग्रवाल पुरानी पीढ़ी के वरिष्ठ और अनुभवी पत्रकार हैं। जब उन्हें इस तरह की धमकी दी गई तो ग्रामीण क्षेत्र के पत्रकारों के साथ अधिकारी कैसा व्यवहार करेंगे, यह चिंता का विषय है।