Translate

बुधवार, 27 मई 2020

पन्ना। कमिश्नर ने कोविड-19 संक्रमित मरीजों के लिए तैयार वार्डो का किया निरीक्षण...चिकित्सालय एवं माॅडल स्कूल के कोविड हेल्थ केयर सेंटर की सराहना।



//रमेश अग्रवाल//
नेटवर्क पन्ना। सागर संभाग आयुक्त अजय सिंह गंगवार ने पन्ना प्रवास के दौरान कोविड-19 महामारी के विरूद्ध जिले में की जा रही कार्यवाही का सूक्ष्म निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पीपीई किट, मास्क एवं सेनेटाइजर निर्माण इकाई का निरीक्षण किया। उन्होंने जिले में आ रहे प्रवासी श्रमिकों की स्क्रीनिंग पंजीयन, भोजन व्यवस्था, परिवहन आदि पर विस्तारपूर्वक चर्चा की। उन्होंने जिला चिकित्सालय एवं माॅडल स्कूल में तैयार किए गए कोविड हेल्थ केयर सेंटरों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री कर्मवीर शर्मा ने बताया की जिला चिकित्सालय में 35 मरीजों के लिए गहन चिकित्सा वार्ड एवं 55 मरीजों के लिए आक्सीजन लाइन वाले वार्ड तैयार किए गए हैं। वहीं माॅडल स्कूल एवं छात्रावास में मरीजों को उपचार के लिए रखने की व्यवस्था की गयी है। प्रत्येक कमरें को सीसीटीव्ही कैमरा स्थापित किए गए हैं। इन कैमरों को जिन कक्षों में चिकित्सा स्टाफ रहेगा उन कक्षों में कैमरें के डिस्प्ले सेंटर स्थापित किए गए हैं। प्रत्येक सेंटर में महिला एवं पुरूष के लिए अलग-अलग व्यवस्था की गयी है। इसके अलावा बच्चे एवं माॅ को पृथक से रखने की व्यवस्था की गयी है। जिला मुख्यालय के अलावा तहसील स्तर पर भी कोविड हेल्थ केयर सेंटर स्थापित किए गए हैं। सभी सेंटरों में महिला एवं पुरूष के लिए पृथक पृथक व्यवस्था सुनिश्चित की गयी है। इन केन्द्रों में महिला एवं पुरूष के लिए पृथक-पृथक शौचालय तथा चिकित्सा दल के लिए पृथक से कक्ष एवं व्यवस्थाएं की गयी हैं। इन केन्द्रों में रोगियों के लिए चाय, नाश्ता, भोजन आदि की व्यवस्था बाहर होटलों के माध्यम से की जाएगी। प्रत्येक केन्द्र के लिए सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गयी है।

आयुक्त श्री गंगवार ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण करने के साथ विस्तृत जानकारी प्राप्त करते हुए प्रसन्नता जाहिर करते हुए कहा कि इन सब व्यवस्थाओं में यदि किसी भी सामग्री की व्यवस्था संभागीय मेडिकल काॅलेज से करनी हो तो बताएं। मैं तुरंत आपके जिले को आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराता हॅू। मौके पर उपस्थित मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी द्वारा बताया गया कि आवश्यक सामग्री एवं 25 वेड मेडिकल काॅलेज में जिले के लिए सुरक्षित रखने संबंधी पत्र कलेक्टर के माध्यम से मेडिकल काॅलेज को प्रेषित किया गया है। कमिश्नर श्री गंगवार ने कोविड-19 संक्रमण रोकने एवं उपचार के लिए की गयी तैयारियों पर प्रसन्नता जाहिर करते हुए जिला प्रशासन की टीम को धन्यवाद ज्ञापित किया।