Translate

बुधवार, 27 मई 2020

पन्ना। आयुक्त ने किया विकास कार्यो का निरीक्षण...हितग्राहियों से रूबरू होकर जानी समस्याएं।




//रमेश अग्रवाल//
नेटवर्क पन्ना। पन्ना जिले में ग्रामीण विकास विभाग के अन्तर्गत विभिन्न जनपद पंचायतों में ग्राम पंचायतों के माध्यम से कराये जा रहे विकास कार्यो का निरीक्षण जिले के प्रवास में आये सागर संभाग के संभागायुक्त श्री अजय सिंह गंगवार द्वारा किया गया। उन्होंने हितग्राहियों से रूबरू होकर उनकी समस्याओं का सुना और संबंधितों को निराकरण करने के निर्देश दिए। आयुक्त श्री गंगवार द्वारा जनपद पंचायत पन्ना, जनपद पंचायत गुनौर एवं जनपद पंचायत पवई के अन्तर्गत चल रहे कार्यो का अवलोकन एवं स्थल पर कार्यरत मजदूरों से चर्चा की गई। उनके द्वारा सर्वप्रथम पन्ना जनपद की ग्राम पंचायत इटवांकला अन्तर्गत ग्राम मड़ैयन में चल रहे 02 परकोलेशन तालाब के कार्यो का स्थल पर अवलोकन किया गया तथा स्थल पर कार्य कर रहे मजदूरों से चर्चा की गई। मजदूरों से उनको प्राप्त हो रहे भुगतान, मजदूरी की दर आदि के संबंध में पूछा गया। प्रवासी मजदूर जो बाहर से लौटकर अपने ग्राम में आये हैं उनसे वापिस आने में होने वाली कठिनाईयों की जानकारी ली गई तथा ग्राम में उपलब्ध कराई जा रही मजदूरी के संबंध में भी चर्चा की गई। उपस्थित मजदूरों ने उनके द्वारा पूछे गये प्रश्नों का संतोषजनक जवाब देने पर आयुक्त द्वारा प्रसन्नता व्यक्त की गई।

उन्होंने जनपद पंचायत पन्ना के ग्राम पंचायत बांधीकला में 03 सीमांत किसानों की भूमि पर किये जा रहे मेढ़ बंधान के कार्यो का निरीक्षण किया गया तथा मजदूरों से चर्चा की गई। इसके पश्चात् किसानों की भूमि के बगल से सिंचाई विभाग द्वारा बनाई गई नहर का अवलोकन ग्रामवासियों के कहने पर किया। स्थल पर देखने पर पाया कि, नहर काफी क्षतिग्रस्त है। स्थल पर उपस्थित कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा को निर्देशित किया कि सिंचाई विभाग के कार्यपालन यंत्री से बात कर इस नहर के सुधार कार्य को तत्काल प्रारंभ कराया जाये। ग्राम मड़ैयन में सिंचाई विभाग द्वारा बनाये जा रहे तालाब के संबंध में ग्रामवासियों द्वारा यह बताये जाने पर कि उक्त तालाब का कार्य वर्ष 2012 से बन्द है, दौरे में साथ में उपस्थित मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत को निर्देशित किया कि सिंचाई विभाग से चर्चा कर इस कार्य के संबंध में जानकारी प्राप्त कर अवगत करायें।

आयुक्त श्री गंगवार द्वारा जनपद पंचायत गुनौर के ग्राम पंचायत द्वारी में संतोष आदिवासी द्वारा निर्मित प्रधानमंत्री आवास में हितग्राही का गृह प्रवेश कराया गया, जिसमें स्वयं हितग्राही से रिबन कटवाकर गृह प्रवेश कराया। जनपद पंचायत गुनौर की ही ग्राम पंचायत मढ़ियाकला के ग्राम हिनौतादुबे में हितग्राही श्रीमती सम्पतिया साहू के प्रधानमंत्री आवास का ही गृह प्रवेश कराया गया। जनपद पंचायत पवई अन्तर्गत ग्राम पंचायत चिखला में तालाब गहरीकरण के कार्य का अवलोकन किया गया। श्री गंगवार द्वारा नरेगा योजना के अन्तर्गत करोना जैसी महामारी के बीच में जिले में लगभग 29 हजार मजदूरों को रोजगार दिलाये जाने पर जिला प्रशासन एवं जनपद पंचायत एवं ग्राम पंचायत के द्वारा कराये जा रहे कार्यो की सराहना की साथ ही यह भी निर्देशित किया कि बाहर से आये प्रत्येक प्रवासी मजदूर को स्थल पर रोजगार उपलब्ध कराने का कार्य निरंतर किया जाये। आयुक्त श्री गंगवार के साथ इस दौरे में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री बालागुरू के., परियोजना अधिकारी जिला पंचायत संजय सिंह परिहार, कार्यपालन यंत्री ग्रामीण यांत्रिकी सेवा बी.व्ही. अहिरवार, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत पन्ना श्रीमती तपस्या जैन, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत गुनौर सतीष नागवंशी, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत पवई आनन्द शुक्ला एवं संबंधित जनपद पंचायतों के सहायक यंत्री, उपयंत्री एवं सरपंच, सचिव व ग्रामवासी उपस्थित रहे।