Translate

सोमवार, 25 जनवरी 2021

छतरपुर। लोक सेवा एवं सुशासन के क्षेत्र में बढ़ते कदम, लोक सेवा प्रदान के 10 वर्ष हुए पूर्ण।



नेटवर्क छतरपुर। छतरपुर के आॅडिटोरियम हाॅल में सांसद डाॅ. वीरेन्द्र कुमार खटीक के मुख्य आतिथ्य में म.प्र. लोक सेवा एवं सुशासन के क्षेत्र में बढ़ते कदम के सफलतम 10 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम सम्पन्न हुआ। भोपाल से आयोजित सीधा प्रसारण के अवसर पर विधायक श्री राजेश प्रजापति, कलेक्टर श्री शीलेन्द्र सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री सचिन शर्मा, श्री धीरेन्द्र नायक, सीईओ जिला पंचायत श्री ए.बी. सिंह, एसडीएम सुश्री प्रियांशी भंवर सहित बड़ी संख्या में हितग्राही एवं आम लोग उपस्थित थे।

सांसद डॉ वीरेन्द्र कुमार ने कहा कि लोक सेवाओं के प्रदान के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री के अंतर्मन के भाव को समझते हुए इस योजना का बेहतर क्रियान्वयन करें, जिससे आम लोगों के हितों से जुड़ी सेवाओं की जानकारी उन्हें समय से मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन में तंत्र की भूमिका लोक सेवा के लिए अहम है। आपने दिव्यांगजनों के लिए भी व्यवस्था सुनिश्चित करने पर जोर दिया। सुशासन ही सफलता का पैमाना होता है। 

विधायक श्री राजेश प्रजापति ने कहा कि किसी भी व्यक्ति को दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाना पड़े इस भावना से कार्य करें। 

कलेक्टर श्री शीलेन्द्र सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री ने आम लोगों के जीवन से जुड़ी रोजमर्रा के कामकाज से संबंधित अनेक योजनाओं शुरू की हैं। जिसका मकसद लोगों को बिना रूकावट समय पर सेवा उपलब्ध कराना है। उन्होंने दोटूक शब्दों में कहा कि जब अधिकारी-कर्मचारी की मानसिकता में परिवर्तन होगा तब गुणवत्तायुक्त सेवाएं मिल सकेंगी। उन्होंने कहा कि सीएम चाहते हैं इसलिए अधिकारियों का दायित्व है कि समय पर दायित्व निभाएं और आगे आकर कार्य करें। उत्तर दायित्व के निर्वहन में रूकावट नहीं डालें इस मानसिकता को बदलें। 

कार्यक्रम में 20 परिवारों के मुखिया को बीपीएल राशन कार्ड, नगर पालिका छतरपुर द्वारा 20 पेंशनधारियों को आदेश पत्र, 9 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड और 3 हितग्राहियों को जाति प्रमाण पत्र प्रदाय किए गए। वहीं तहसीलों में स्थापित लोक सेवा गारंटी केन्द्रों में उत्कृष्ट कार्य के लिए श्री अनिल अरजरिया तथा राजनगर के श्री अरविन्द गुप्ता, लवकुशनगर के श्री अनिल जैन को प्रशस्ति पत्र प्रदाय किए गए। लोक सेवा गारंटी योजना का यह कार्यक्रम छतरपुर जिले की सभी तहसील मुख्यालयों पर सम्पन्न हुआ।