एशियन डेवलपमेंट बैंक के सहयोग से हो रही क्रियान्वित, 10 वर्षों के संचालन और संधारण सहित लागत 13 करोड़, नल कनेक्शन देने का कार्य शुरू, अब 2380 कनेक्शन दिए गए।
ब्यूरो छतरपुर। मध्य प्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कम्पनी (म.प्र. शासन नगरीय विकास एवं आवास विभाग भोपाल) की छतरपुर इकाई अन्तर्गत बक्सवाहा में 13 करोड़ से निर्मित होने वाली जल प्रदाय योजना का कार्य प्रगति पर है। छतरपुर इकाई के सहायक परियोजना प्रबंधक आकाश अग्रवाल ने बताया कि बक्सवाहा जल प्रदाय योजना के लिए 1.3 एम.एल.डी का वॉटर ट्रिटमेंट प्लांट लगाया है। भदभदा तालाब से पानी लेकर वॉटर ट्रिटमेंट प्लांट द्वारा शोधन उपरान्त शुद्ध जल कस्बे में वितरित किया जायेगा। जल वितरण के लिए 22 किलोमीटर वितरण पाईप लाईन एवं 2.2 किलोमीटर मुख्य पाईप लाईन बिछाई गई है। पानी के संग्रह के लिए 200 किलोलीटर का ओवर हैड टैंक भी बनाया जा रहा है। एशियन डेवलपमेंट बैंक के सहयोग से क्रियांवित की जा रही इस योजना की लागत दस वर्षों के संचालन और संधारण सहित लगभग 13 करोड़ रूपये है।
बक्सवाहा में नल कनेक्शन देने का कार्य भी प्रारंभ हो गया है अभी तक यहां 2380 घरों में नल कनेक्शन दे दिए गए है। फिलहाल बक्सवाहा में नगर परिषद् के बोरिंग के माध्यम से जल वितरण की सीमित व्यवस्था है। ग्रीष्म ऋतु में जल स्तर नीचे चले जाने के कारण टैंकरों के माध्यम से पानी का वितरण किया जाता है। जल प्रदाय योजना का कार्य पूरा होने पर रहवासियों को चौबीस घंटे सातों दिन साफ मानी मिल सकेगा। बक्सवाहा जल प्रदाय योजना को मध्यप्रदेश अर्बन डेवलपमेंट कम्पनी द्वारा इस वर्ष सितम्बर तक पूरा करने के प्रयास है।