Translate

मंगलवार, 1 जून 2021

बड़ामलहरा। आपदा में अघोषित कटौती का अवसर ढूंढ रहे विद्युत विभाग के कर्मचारी।

//अक्षय जैन//

बड़ामलहरा(छतरपुर)l कुछ महीनों से आए दिन अघोषित रूप से हो रही बिजली कटौती के चलते नगरवासी खासी परेशानियों का सामना कर  रहे है। जिससे लोगों में बिजली विभाग के प्रति रोष व्याप्त है। बड़ामलहरा व आसपास के अधिकतर गांवों में इन दिनों 24 घंटे में 10 से 12 बार बिजली सप्लाई का बंद होना आम हो गया है।

लॉक डाउन के दौरान जब लोग बाहर  नहीं जा रहे  सुबह से दोपहर तक तेज धूप एवं गर्मी भरे वातावरण को सहने के बाद शाम-रात को भी  नगरवासियों एवं ग्रामवासियों को अघोषित बिजली कटौती होने के कारण राहत नहीं मिल रही है।

बिजली  की बार-बार की जा रही कटौती पर नाराजगी जताते हुए नाम न छापने की शर्त पर  कहा कि कुछ महीनों से आए दिन कुछ घंटे के अंतराल में बार-बार बिजली गुल हो रही है कोरोना कर्फ्यू के दौरान बच्चे लगभग डेढ़ माह से घर के अंदर है बाहर खेलने नहीं जा पा रहे हैं बच्चों को रोकने का साधन केवल और केवल टेलीविजन है परंतु लाइट जाने के कारण जब उन्हें अपने मनोरंजन का साधन नहीं मिल पाता तो वह बाहर जाने की जिद करने लगते हैं एवं दूसरी ओर

लाइट लगातार जाने के कारण सबसे ज्यादा समस्या पानी की सप्लाई पर होती है लाइट न होने पर जल सप्लाई  भी प्रभावित हो जाती है जिसके कारण वार्ड में आने वाले नल का समय कोई निश्चित नहीं होता है और यदि नल आ भी जाते हैं तो भी लोगों का पानी लाइट ना होने के कारण नहीं भर पाता है जिसके कारण लोगों को खासी दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है वार्ड नंबर 10 में रहने वाले लोगों ने बताया कि सिर्फ एक दिन की बात नहीं है, कुछ महीनों से रोजाना यही हाल हो रहा है  जब भी नल आते है लाइट चली जाती है जिससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

नगर  के लोगों एवं बुद्धिजीवियों का कहना है कि कुछ मौकों पर तेज हवाएं चलने और बूंदाबांदी होने पर सुरक्षात्मक दृष्टि से बिजली सप्लाई को बंद किया जाना तो समझ में आता है लेकिन मौसम की खराबी हुए बिना बिजली विभाग द्वारा आए दिन बार-बार बिजली सप्लाई को बंद कर नगरवासियों को परेशान किया जाना समझ से परे है। 

बिजली कटौती के संबंध में जब पूछा जाता है तो विद्युत कर्मचारी अपनी आदत के अनुसार कोई न कोई फाल्ट जैसे लोड , कहीं पर तार में पेड़ पर डंगार का गिर जाना आदि बताकर पल्ला झाड़ लेते हैं और कुछ देर बाद बिजली आने का भरोसा देते हैं।