//अक्षय जैन//
बड़ामलहरा(छतरपुर)। बड़ामलहरा वनमंडलाधिकारी अनुराग कुमार के निर्देशन में वन अपराधों पर अंकुश लगाए जाने को लेकर चलाये जा रहे विशेष अभियान के तहत एसडीओ (वन) केबी गुप्ता के निर्देशन और परिक्षेत्राधिकारी आरबी खरे के नेतृत्व में वन अमले ने गुरुवार को सुअर का शिकार करने वाले दो शिकारियों को सुअर के मांस सहित दबोच लिया जबकि एक आरोपी अभी फरार है। आरोपियों के विरुद्ध वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम के तहत कार्यवाही की गई है।
वनपरिक्षेत्राधिकारी आरबी खरे ने बताया कि मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर विभागीय टीम ने मुलुआ पुत्र नन्ना कुशवाहा 25 वर्ष निवासी सड़वा को साईकिल पर प्लास्टिक की थैली में सुअर का मांस ले जाने के दौरान पकड़ा था। पूछताछ में उसनें बताया कि उसने अपने दो अन्य साथियों के साथ मिलकर सुअर का शिकार किया है। बिनेदा एवं सूरजपुरा रोड के बीच रतिराम राय का खेत वह बंटाई पर लिए हुए हैं वहीं मांस का बंटवारा गया था। जो मांस उसके पास से मिला वह उसका तथा रामलाल सौंर पुत्र पोला सौंर निवासी बमनी का था। जिसका वजन तकरीबन दस किलो है। उसने बताया कि एक साथी राजू पुत्र करिया सौंर निवासी बमनी सुअर का सिर, पैर और फंदा लेकर चला गया है। इसके बाद टीम ने दूसरे आरोपी रामलाल को भी हिरासत मे ले लिया तथा दोनों की निशानदेही पर कुल्हाड़ी एवं जिस लकड़ी पर रखकर मांस काटा गया उस लकड़ी को जप्त कर लिया। फरार आरोपी राजू सौंर की तलाश अभी जारी है। आरोपियों के विरुद्ध वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम 1972 की धारा 9, 39, 49, 50 और 51 के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया है। इस कार्यवाही में डिप्टी रेंजर माधौ शुक्ला, वनपाल छविलाल अहिरवार, वनरक्षक बाबूराम प्रजापति, ऋषि दुबे, भगीरथ रैकवार, पवन तिवारी, वाहन चालक निर्भय सिंह, सुरक्षा श्रमिक कमलेश यादव, जहान सिंह, बन्दू लाल पाण्डे शामिल रहे।