//अक्षय जैन//
बड़ामलहरा(छतरपुर)। छतरपुर जिले के लिए बुधवार खुशियों का पैगाम लेकर आया, इस दिन जिले की बड़ामलहरा और घुवारा नगर परिषदों में 100% कोविड टीकाकरण हुआ। जहाँ बड़ामलहरा में 11 हजार 601 एवं घुवारा में 8 हजार 552 लोगों को कोविड टीका लगाकर उपलब्धि पाई गई। छतरपुर जिले में 6 नगर परिषदों में यह गौरवशाली उपलब्धि हासिल हुई है। प्रदेश में छतरपुर जिला एक मात्र जिला है जहाँ 6 नगर परिषदों में 100% कोविड टीकाकरण की उपलब्धि मिली है।
कलेक्टर श्री शीलेन्द्र सिंह ने बड़ामलहरा और घुवारा के सम्माननीय नागरिकों, जन प्रतिनिधियों, आपदा समिति, स्वयं सेवी संगठनों के प्रतिनिधियों एवं टीकाकरण दल के सदस्यों तथा एसडीएम, सीएमओ, बीएमओ, बीएलओ सहित सभी कर्मचारियों को बधाई दी है। कलेक्टर छतरपुर ने प्रथम डोज लगवा चुके जिले के लोगों से अपील करते हुये कहा है कि वह तय समय पर ही दूसरा डोज लगवाएं। जिससे शरीर में रोग प्रतिरोधक क्षमता बनने में मदद मिले। दोनों डोज लगने पर ही कोविड वैक्सीन पूरी तरह से कारगर होती है।
