ब्यूरो छतरपुर। कलेक्टर श्री शीलेन्द्र सिंह ने बुधवार को छतरपुर के मॉडल स्कूल तथा नौगांव के उत्कृष्ट विद्यालय एवं मॉडल स्कूल में छात्र-छात्राओं एवं शिक्षकों के साथ अंकुर अभियान में पौध रोपण किया। उन्होंने कहा कि अंकुल अभियान के तहत छतरपुर जिले में 10 लाख पौधे रोपित करने का लक्ष्य है, जिसके लिए अधिकारियों के साथ-साथ शैक्षैणिक संस्थाओं ग्राम पंचायतों, सेवाभावी संगठनों, आपदा प्रबंधन समिति के सहयोग से पौधे रोपित किए जा रहे हैं।
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि रोपे गए पौधे की सुरक्षा पर विशेष ध्यान केन्द्रित करने के लिए कहा गया है, लोगों से अपील की गई है अंकुर अभियान में समाज के साथ मिलकर न सिर्फ पौध रोपण करें बल्कि उनकी देखरेख की जिम्मेदारी भी लें। यह अभियान समाज का अंग है और मानवीय जीवन की बुनियादी सुविधाओं से जुड़ा है। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी संतोष शर्मा ,एसडीएम विनय द्विवेदी सहित अधिकारी-कर्मचारी और शिक्षकगण मौजूद रहे। कलेक्टर ने मॉडल स्कूल का निरीक्षण किया और एसडीएम को सीमांकन कराने के निर्देश दिए।