Translate

शनिवार, 7 अगस्त 2021

छतरपुर। उत्साह से मनाया गया पीएम गरीब कल्याण अन्न उत्सव कार्यक्रम...प्रभारी मंत्री ओ.पी. सखलेचा ने हितग्राहियों को बांटा निःशुल्क खाद्यान्न...जिले की 656 राशन दुकानों पर हुआ आयोजन...प्रत्येक दुकानों पर प्रति हितग्राहियों को बांटा गया 10 किलो खाद्यान्न....जिले में पात्र परिवार की संख्या 2 लाख 56 हजार 500




ब्यूरो छतरपुर। 7 अगस्त शनिवार को छतरपुर जिले में भी उत्साह से मनाया गया पीएम गरीब कल्याण अन्न उत्सव। ऑडिटोरियम छतरपुर में सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम एवं विज्ञान और प्रौद्योगिकी तथा छतरपुर जिले के प्रभारी मंत्री ओ.पी. सखलेचा ने हितग्राहियो को निःशुल्क खाद्यान्न का वितरण किया। जिले की 656 राशन दुकानों पर यह आयोजन हुआ। प्रत्येक दुकानों पर प्रति हितग्राहियों को 10-10 किलो खाद्यान्न बांटा गया। जिले में पात्र परिवार की संख्या 2 लाख 56 हजार 500 है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लाइव प्रसारित कार्यक्रम को टाउन हॉल छतरपुर में  मौजूद प्रभारी मंत्री, विधायक, जन प्रतिनिधियों, कलेक्टर शीलेन्द्र  सिंह, पुलिस अधीक्षक सचिन  शर्मा  हितग्राहियो ने  भी देखा। प्रभारी मंत्री श्री सखलेचा ने पूर्व मंत्री श्रीमती ललिता यादव, विधायक राजेश प्रजापति एवं जनप्रतिनिधियों के साथ वार्ड नंबर 28 शिवाजी उपभोक्ता भंडार के 25 हितग्राहियों को 10-10 किलोग्राम के खाद्यान्न के पैकेट प्रदाय किये। खाद्यान्न वितरण के पूर्व हितग्राहियों का तिलक लगाकर सम्मान किया गया।

प्रभारी मंत्री श्री सखलेचा ने दीप प्रज्जवलित करते हुए पीएम गरीब कल्याण अन्न उत्सव कार्यक्रम का शुभारम्भ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल जी के बताये मार्गदर्शी सिद्धांतों को सार्थक करने के उद्देश्य से म.प्र. सरकार समाज के अंतिम छोर के अंतिम व्यक्ति को मूलभूत सुविधा पहुंचाने के लिए कोविड आपदा काल में भी जुटी है। उन्होंने कहा कि कोई भी गरीब भूखा नहीं रहे, सरकार इस बात के लिए सदैव सजग, सतर्क और संवेदनशील है।

प्रदेश की 8 करोड़ जनता में से 4.90 करोड़ लोगों को निःशुल्क रूप में खाद्यान्न बांटने का कार्यक्रम विश्व में अनूठा और बेमिसाल है। देश के प्रधानमंत्री और प्रदेश के मुख्यमंत्री ने कोविड आपदा काल में समाज के सभी लोगों को संबल दिया है, परिणामस्वरुप समाज भी आज समाहित होकर आर्थिक सृजन के लिए उठ खड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में केवल किसानों तक ही नहीं, अपितु सर्व समाज के जरूरतमंद लोगों तक सरकार पहुंची है और बुनियादी सुविधाओं को यथा समय पहुंचाया भी है। प्रदेश पीएम और सीएम के निर्देशन में सतत आगे बढ़ रहा है। कोविड संक्रमण काल मे गरीबों का संबल बनी है प्रदेश सरकार।

गरीबों से बातचीत करते हुए हूं अतिप्रसन्न, समग्र विकास के लिए डबल इंजन की सरकार होती कारगर।



कार्यक्रम में पीएम नरेन्द्र मोदी ने लाभान्वित हितग्राहियों से संवाद किया और उनसे हुई बातचीत के लिए प्रसन्नता भी जताई। प्रधानमंत्री मोदी ने निवाड़ी के चन्द्रभान विश्वकर्मा, बुरहानपुर के राजेन्द्र शर्मा, होशंगाबाद की माया उइके और सतना के दीप कुमार कोरी से बातचीत करते हुए कहा कि में हमेशा से ही डबल इंजन की सरकार का पक्षधर हूं। समाज के अंतिम पंक्ति के लोगों को ताकत देना मुख्य लक्ष्य है। कोविड संक्रमण काल में देश के करोड़ो लोगों के खाने की चिंता सरकार ने की। कोविड के विपत्ती के समय गरीबों के सिर पर पीएम आवास की छत और खाने का प्रबंध बना रहने से उन्हें चिंता कम रही।

सरकार के ई-पेमेंट व्यवस्थाओं और हितग्राहियों के बैंक खाते में सीधे राशि आने से बिचौलियों के मनसूबे और भ्रष्टाचार के प्रबंध नेस्तनाबूत हुए हैं। पीएम ने कहा कि प्रदेश के राज्यपाल उनके पुराने परिचित हैं, राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने आदिवासियों के समग्र उत्थान के लिए समर्पित प्रयास किये हैं।

उन्होंने पीएम गरीब कल्याण अन्न उत्सव योजना में गरीबों को अन्न वितरण कराने के लिए आयोजित कार्यक्रम के लिए मुख्यमंत्री की सराहना की। उन्होंने कहा कि आयोजित कार्यक्रम से गरीबों से बातचीत करके उन्हें प्रसन्नता मिलने के साथ उनके लिए और बहुत कुछ करते रहने की ताकत मिली। संकट काल में सरकार से मुफ्त खाद्यान्न मिलने से उनकी बाताें में संतोष और विश्वास की झलक मिली है।

उन्होंने प्रदेश में बारिश और बाढ़ से उत्पन्न हुई स्थिति से निपटने के लिए मुख्यमंत्री के नेतृत्व में किये गए बचाव एवं राहत कार्य की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि बाढ़ से उत्पन्न संकट से निपटने के लिए मध्य प्रदेश सरकार जीवन और जीविका को पटरी पर लाने के लिए दृढ़ता से जुटी है। इसमें भारत सरकार भी म.प्र. सरकार के साथ डट कर खड़ी है और जरुरत के अनुसार हर प्रकार की मदद के लिए तत्पर है। कोविड संक्रमण काल में दुनिया के किसी भी देश ने इतनी बड़ी आपदा-विपदा नहीं देखी है। देशवासियोके साथ मिलकर लोकल फॉर वोकल के भाव से स्थिति से निपटा गया और गरीबो के हित को सर्वाेपरि रखा गया।

म.प्र. ने इस वर्ष रिकॉर्ड गेहूं का उत्पादन किया है, खरीदी के लिए सबसे अधिक केंद्र भी बनाए। म.प्र. बीमार राज्य की श्रेणी से उबर चुका है और विकसित म.प्र. की और अग्रसर है। सरकार के कामकाज से विकास की दिशा में आमूलचूल परिवर्तन आया है। म.प्र. सहित भारत समर्थ और आत्मनिर्भरता की दिशा में बढ़ रहा है। सरकार सभी गरीबों को छत, खाना, गैस देने के साथ अब घरों में पानी पहुंचाने की दिशा में बढ़ी है।

उन्होंने बताया कि 7 अगस्त 1905 के दिन स्वदेशी आंदोलन को बल मिला। इसी से प्रेरणा लेकर आज के दिवस को राष्ट्रीय हथकरघा दिवस के रूप में मना रहे हैं। उन्होंने लोगों से हथकरघा से निर्मित वस्तु को क्रय करने का आव्हान किया। कोविड लहर को मिलकर रोकने का आव्हान भी किया। पीएम मोदी ने लोगों अपील की कि कोविड की तीसरी लहर की आशंका को रोकने के लिए सभी मिलकर सहयोग करें। इसके लिए मास्क, टीकाकरण और दो गज की दूरी के नियम का सजग होकर पालन करें।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने इस आयोजन में प्रधानमंत्री द्वारा सहभागिता निभाने के लिए हृदय से आभार करते हुए कहा कि विकास का प्रकाश जब गरीबों तक पहुंचता है तब उनके जीवन में सकारात्मक बदलाव आता है। प्रदेश में बाढ़ से उत्पन्न आपदा में प्रधानमंत्री द्वारा दिन में दो-दो बार मोबाइल पर सम्पर्क करते हुए राहत एवं सहायता मुहैया कराई गई। बाढ़ से जहां 8 हजार 832 लोगों को सुरक्षित निकाला गया तो 29 हजार 280 लोगों सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। बाढ़ आपदा की संकट की स्थिति में प्रधानमंत्री ने भरपूर सहयोग दिया है।