//विन्द्रावन विश्वकर्मा//
घुवारा(छतरपुर)। भगवां थाना क्षेत्र के सिमरिया गांव में पुरानी रंजिश के चलते एक ही परिवार के चार लोगों ने एक 40 वर्षीय आदिवासी मजदूर को बंधक बनाकर लाठी-डंडों से जमकर पीटा। इलाज के दौरान जिला अस्पताल में घायल मजदूर की मौत हो गई। पुलिस ने दो आराेपियों को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार सिमरिया निवासी हल्के पिता छोटा आदिवासी उम्र 45 वर्ष शुक्रवार की शाम मजदूरी करके वापस घर आया। वह शाम करीब 6:30 बजे मनीष सेठ की दुकान पर सामान खरीदने गया था।
तभी वहां पर पहले से घात लगाए बैठे हरिराम राय, दिनेश राय, सीताराम राय, राम किशुन उसे पकड़ कर पास ही अपनी आटा चक्की के अंदर ले गए। चक्की घर में बंद कर उसे जमकर लाठी-डंडों से पीटा। खून से लथपथ हल्के आदिवासी को मरा समझ कर आरोपी उसे बाहर फैंक कर भाग गए। गंभीर हालत में उसे पत्नी गुड्डी व भाई पल्लू आदिवासी बड़ामलहरा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद घायल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। लेकिन जिला अस्पताल में इलाज के दौरान शनिवार सुबह हल्के आदिवासी ने दम तोड़ दिया। थाना पुलिस ने हरीराम और रामकिशुन के खिलाफ हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया। जिला पुलिस के पीआरओ शशांक जैन ने बताया कि आरोपियों पर हत्या सहित विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज किया। शनिवार दोपहर दोनों आरोपियों हरीराम राय व राम किशन राय को गांव से ही गिरफ्तार कर लिया है।