//रूपेश जैन, सत्यम खरे//
बाजना(छतरपुर)। बुधवार को आपकी सरकार आपके साथ कार्यक्रम अंतर्गत बाजना के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में एक दिवसीय शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर में खंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे उन्होंने गांव से जुड़ी समस्याओं को सुना और उनके समाधान पर चर्चा की है, इस प्रकार विभिन्न विभागों से जुड़े हुए केवल 18 आवेदन शिविर में आए इनको निराकरण की प्रक्रिया में लिया गया।
इस दौरान शिविर में जनपद पंचायत सीईओ हर्ष खरे, ओआईसी शरद दुबे, जेपी प्रभारी सहायक यंत्री पीएचई विभाग, उपयंत्री आरके अहिरवार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
• शिविर में स्थानीय लोगों ने नही दिखाई रुचि।
शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित इस शिविर में बाजना के अधिकांश स्थानीय लोगों ने रुचि नहीं दिखाई है, नाम न जाहिर करने की शर्त पर कुछ स्थानीय लोगों ने बताया कि पंचायत उनकी समस्याओं का निराकरण नहीं करती है तो ऐसे शिविरों में जाना सिर्फ समय की बर्बादी है।
साथ ही लोगों ने बताया कि बाजना में जल समस्या के संदर्भ में पंचायत को कई बार अवगत करा चुके हैं तथा पानी के प्रबंधन की मांग भी कर चुके हैं परंतु पंचायत के सरपंच-सचिव इस ओर ध्यान ही नहीं देते हैं।
गौरतलब है कि हाल ही में बाजना के ही एक मोहल्ले के स्थानीय लोगों द्वारा अपनी जान जोखिम में डालकर स्वयं ही कुए की सफाई करने का वीडियो भी सामने आया था।
• इनका कहना है कि....
"आपके द्वारा जानकारी प्राप्त हुई है, अगर पूर्व में लोगों की समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ है. तो सर्वप्रथम उनकी समस्याओं का निराकरण किया जाएगा। एवं अगर पंचायत द्वारा स्थानीय लोगों की मांगों की अनदेखी की गई है. तो इसके संदर्भ में संबंधित पंचायत को नोटिस जारी किया जाएगा।
और आपने जो जल की समस्या के बारे में अवगत कराया है उसे अति शीघ्र ही निराकृत किया जाएगा।"
अमर बहादुर सिंह, जिला पंचायत सीईओ छतरपुर
