नेटवर्क जबलपुर। क्षेत्रीय कनिष्ट आपूर्ति अधिकारी खाद्य शाखा के लिखित प्रतिवेतन पर चरगवां पुलिस ने धान खरीदी प्रभारी एवं सर्वेयर के विरूद्ध धोखाधड़ी का अपराध दर्ज करते हुए मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है। कनिष्ट आपूर्ति अधिकारी ने पुलिस को शिकायत पत्र में बताया था कि भारमपुर कैंप से अनाधिकृत रूप से धान का परिवहन कर निकटतम खरीदी केंद्र में विक्रय की जाने वाली संबंधी शिकायत प्राप्त होने पर 14 दिसम्बर 2022 को कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी सिद्धार्थ राय के साथ खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 के अंतर्गत उपार्जन केंद्र वृहताकार सेवा सहकारी समिति चरगवां केंद्र स्थान मयंक वेयर हाउस चरगवा-शहपुरा का निरीक्षण किया गया था। मौके से खरीदी प्रभारी प्रहलाद सिंह राजपूत, कम्प्यूटर आॅपरेटर गोविंद पटेल तथा मयंक वेयर हाउस के संचालक नरेंद्र तोमर की उपस्थिति में जांच की गई। जांच दौरान सर्वेयर सुमित नायक उपस्थित नहीं रहे।
चरगवां थाना प्रभारी विनोद पाठक ने बताया कि खरीफ विपणन वर्ष 2022-23 अंतर्गत उपार्जन केंद्र वृहताकार सेवा सहकारी समिति चरगंवा केंद्र के मयंक वेयर हाउस द्वारा खरीदी कार्य प्रारंभ किया गया था। जांच दौरान 3 कृषकों की धान कुल मात्रा 326.80 क्विंटल की खरीदी की जा चुकी थी तथा 60 किसानों की खरीदी के लिए स्लॉट बुक थे। वेयर हाउस प्रांगण में लगभग 150 क्विंटनल धान का खुला ढे़र, 170 बोरी धान सिलाई, टेग, स्टेसिल लगा हुआ मिला सहित जांच दौरान अनेक खामियां पाई गई। प्रतिवेदन में बताया गया था कि मयंक वेयर हाउस चरगवां में उपार्जन कार्य में प्रहलाद सिंह राजपूत, सुमित नायक के द्वारा धान खरीदी में उपार्जन निति का उल्लंघन कर अमानक स्तर की धान गोदाम में खरीदी एवं भंडारित कर शासन को क्षति पहुंचाई जाने पर प्रहलाद सिंह व सुमित नायक पर 420 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।