Translate

गुरुवार, 26 अक्टूबर 2023

25 वर्षीय महिला के शव को दो दिनों से हो रहा पोस्टमार्टम का इंतजार...कर्मचारी बोले हमें महीनों से नहीं मिली पगार....बक्सवाहा क्षेत्र का मामला।

//नवनीत जैन//

बक्सवाहा(छतरपुर)। शासन द्वारा लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने नित नवीन प्रयास किए जा रहे है अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं भी चलाई जा रही है लेकिन कहीं- कहीं यह सुविधाएं धरातल पर नहीं पहुंच पा रही है जिनमे से एक छतरपुर जिले का बकस्वाहा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र है जहां अस्पताल परिसर में दो दिन से रखा महिला का शव विकास के दावों की पोल खोल रहा है।

यह है पूरा मामला

बकस्वाहा विकासखंड अंतर्गत आने वाले मडिया बुजुर्ग निवासी 25 वर्षीय रानी उर्फ सपना पत्नी शिवशंकर तिवारी की अज्ञात कारणों के चलते मौत हो गई. जिसके बाद परिजन बकस्वाहा सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पहुंचे जहां दूसरे दिन भी परिजन शव के पोस्टमार्टम का इंतजार कर रहे है।

आउटशोर्स कर्मचारी शव का पोस्टमार्टम नही कर रहे है परिजन परेशान है कर्मचारी कहते है कि पिछले दस माह से वेतन नहीं मिला है परिवार के भरण पोषण के लाले पड़े है, हम लोगो को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान कर रहे हैं लेकिन हमे समय से वेतन नहीं दिया जा रहा है।

बीएमओ बोले कि.....

बी एम ओ ललित उपाध्याय से इस संबंध में बात की गई तो उन्होंने बताया आउटसोर्स कर्मचारियों को वर्ल्ड क्लास कम्पनी द्वारा रखा गया है. कर्मचारी बखूबी अपनी सेवाए प्रदान कर रहे है लेकिन कर्मचारियों को समय से वेतन नहीं दिया जा रहा है जिसके चलते कर्मचारी सेवाए देने से परहेज कर रहे है।