Translate

रविवार, 29 अक्टूबर 2023

MP के इस गांव में 02 हजार से ज्यादा लोग आए डेंगू की चपेट में...इलाज के नहीं है पुख्ता इंतजाम।

 

//ऋचा उपाध्याय//

नेटवर्क इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के देपालपुर के पास स्थित एक गांव में इन दिनों डेंगू ने कोहराम मचाया हुआ है। जहां एक युवक की मौत हो चुकी है। युवक की मौत के बाद ग्रामीण डरे सहमे हुए हैं। आशा कार्यकर्ताओं को घर-घर भेज कर सर्वे भी कराया जा रहा है।

बताया गया कि, चांदेर गांव में 10 सितम्बर को 4-5 लोगों को बुखार आया था। 15 सितम्बर को बाढ़ आने के कारण घरों में 6-6 फुट तक पानी भर गया था। जिसके बाद से गांव की स्थिति बदतर है। हर घर में डेंगू के मरीज होने से लोग बीमारी से जूझ रहे हैं। ग्रामीणों को इलाज के लिए देपालपुर और इंदौर की ओर रुख करना पड़ रहा है। जानकारी के मुताबिक स्वास्थ्य विभाग की ओर से इलाज के लिए अब तक गांव में कोई कड़े इंतजाम नहीं किए गए हैं।

आशा कार्यकर्ताओं के अनुसार, कुछ ग्रामीण उनसे सीधे बात नहीं करते हैं। गत दिवस कुछ ग्रामीणों ने आशा कार्यकर्ता को कुछ कहा तो वे रोने लगी। ग्रामीणों की मानें तो टीम एक-दो बार आई उसके बाद कोई मुआयना करने नहीं आया। स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी को यह जिम्मेदारी दी थी। गांव में एक बार आने के बाद उन्होंने दूबारा जाना उचित नहीं समझा।

बताया गया कि करीब 1500 से 2000 लोग (आधिकारिक तौर पर पुष्टि नहीं है) अब तक डेंगू और बुखार की चपेट में आ चुके हैं। इलाज के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर चुके हैं उसके बाद भी गामीण स्वस्थ्य नहीं हो रहे हैं।अब एतिहात के तौर पर स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव में फागिंग के साथ-साथ दवाई का छिड़काव करवा रही है। घर-घर जाकर सर्वे कर विभाग तक जानकारी भी भेज रही है।

ग्रामीणों का कहना है कि प्रशासन एक कैंप अगर गांव में लगा देता तो कहीं ना कहीं सुधार आ जाता, लेकिन अब तक प्रशासन ने ऐसा कोई कड़ा कदम नहीं उठाया। महावीर अस्पताल सहित कई अस्पताल में डेंगू के मरीजों का इलाज जारी है।