//रूपेश जैन//
बक्सवाहा(छतरपुर)। जनपद क्षेत्र के कसेरा गांव से आर्थिक तंगी से जूझ रहे परिवार की पांच बहनों में बड़ी बहन ने पूजा सिंह ठाकुर ने एक बार पुनः क्षेत्र का नाम रोशन किया है।
भूगोल विषय से पूजा सिंह ने यूजीसी नेट (राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा) की परीक्षा पास करके सहायक प्राध्यापक पद हेतु योग्यता हासिल कर ली है। छात्रा पूजा ने अपनी पढ़ाई गांव के सरकारी स्कूल से फिर हायर सेकेंडरी परीक्षा शासकीय कन्या विद्यालय बक्सवाहा से 90% अंको के साथ पास की। इसके बाद दिल्ली विश्वविद्यालय से मास्टर डिग्री 2023 मे हासिल करने के बाद अब नेट परीक्षा पास की है।
पूजा के पिता जगदेव सिंह एक छोटे किसान है. परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक न होने की वजह से उच्च शिक्षा का लगभग आधा खर्च अरविंद निषाद के मार्गदर्शन में जनसहयोग से उठाकर पूजा ने यह मुकाम पाया है।
गौरतलब है कि अरविंद निषाद भी कसेरा गांव से हीं रहने वाले हैं जिन्होंने भी भौतिक शास्त्र विषय से मास्टर डिग्री हासिल करके सीएसआईआर नेट, गेट तथा मध्यप्रदेश पात्रता परीक्षा पास करने के बाद लंबे वक्त तक अशिक्षित लोगों को नि:शुल्क शिक्षा प्रदान करके महत्वपूर्ण भूमिका अदा की थी। अरविंद से प्रेरणा पाकर पूजा ने कहा कि वे भी आगे गांव के अशिक्षित लोगों को शिक्षित करने की दिशा में कार्य अवश्य करेंगी।