Translate

गुरुवार, 28 मार्च 2024

महिला को निर्वस्त्र कर घुमाया!!....04 औरतों ने महिला को पीटा और निर्वस्त्र कर घुमाया।

 

//रितिक राज शाह//

नेटवर्क इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर की एक महिला के साथ महिलाओं ने ही अत्याचार की तमाम हदें पार कर दी। जानकारी के अनुसार गांव की ही एक महिला को कुछ महिलाओं ने घर में घुसकर पिटाई की। फिर घर से बाहर निकाला, कपड़े फाड़कर निर्वस्त्र कर दिया और उसे पूरे गांव में घुमाया। घटना सामने आने के बाद पुलिस ने आरोपी महिलाओं को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

पूरा मामला इंदौर जिले के गौतमपुरा पुलिस थाना क्षेत्र के निर्मल गांव बाछोड़ाड़ा का है। होली के दिन गौतमपुरा पुलिस थाना क्षेत्र में गांव की एक महिला लक्ष्मी बाई तीन अन्य महिलाओं के साथ पीड़ित महिला के घर पहुंची और कहा कि उसके सास को वह मंदसौर लेकर क्यों गई थी? लक्ष्मी बाई को संदेह था कि पीड़ित महिला उसकी सास को उसके खिलाफ भड़का रही है और वह उसकी सास को उसे बिना बताए मंदसौर ले गई थी।

इसी बात पर आरोपी महिला लक्ष्मी ने अपनी तीन अन्य महिला साथियों के साथ मिलकर घर में ही पिटाई शुरू कर दी और पीड़िता को सीढ़ियों से घसीटते हुए नीचे ले आई। चारों ने मिलकर महिला के कपड़े तक फाड़ दिए। पाइप और डंडों से पिटाई कर निर्वस्त्र कर गांव में घुमाया गया। इसी पूरे घटनाक्रम का किसी ने वीडियो बना लिया है।

इस मामले में गौतमपुरा पुलिस द्वारा गंभीर धाराओं में अपराध दर्ज कर महिलाओं को गिरफ्तार भी कर कोर्ट में पेश किया जहां से उन्हें जेल भी भेज दिया गया है।