//विन्द्रावन विश्वकर्मा//
नेटवर्क छतरपुर। जिले में सहकारी समितियों के द्वारा गेंहू खरीदी केन्द्र बनाए गए थे परंतु इन खरीदी केन्द्रों पर किसान का गेंहू न आने से सन्नाटा पसरा हुआ है। एक दो केन्द्र को छोडक़र सभी केन्द्रों पर इस बार किसानों के द्वारा गेंहू नहीं दिया जा रहा है। इसका कारण है कि बाजार में गेंहू का मूल्य किसानों को अच्छा खासा मिल रहा है। जिसके चलते किसान गेंहू खरीदी केन्द्र पर नहीं पहुंच रहे हैं। राज्य शासन द्वारा गेंहू खरीदी केन्द्रों पर किसानों के लिए व्यापक व्यवस्था भी की गई उसके बावजूद भी जिले के लगभग 80 खरीदी केन्द्रों पर सन्नाटा पसरा हुआ है किसानों से चर्चा की तो उनका कहना है कि व्यापारी सरकार रेट से ज्यादा पर गेंहू खरीद रहे हैं और किसी भी प्रकार की कटौती नहीं करते हैं। पैसा भी तत्काल मिल रहा है। जबकि गेंहू खरीदी केन्द्रों पर गेंहू देने के बाद महीनों बैंक के चक्कर लगाने पड़ते हैं तब कहीं जाकर गेंहू का भुगतान हो पाता है। इसके बाद भी खरीदी केन्द्रों पर गेंहू खरीदने वालों का विभिन्न प्रकार की कटौती करते हैं जिसमें लगभग दो किलो गेंहू अधिक लिया जा रहा है। कुल मिलाकर छतरपुर जिले के सभी खरीदी केन्द्रों पर सन्नाटा पसरा हुआ है। सूत्रों से जानकारी मिली है कि चुनाव के बाद गेंहू की कीमतों में काफी बढौत्तरी होना है जिसके चलते व्यापारी किसानों का गेंहू पूरे दाम पर खरीद रहे हैं ताकि वह स्टाक में गेंहू रख सकें।