Translate

रविवार, 11 अगस्त 2024

बागेश्वरधाम की नई हाईटेक अन्नपूर्णा रसोई!!...अब हजारों श्रद्धालुओं को मिलेगा बिना रुके प्रसाद।


//विन्द्रावन विश्वकर्मा//

नेटवर्क छतरपुर। बुंदेलखंड क्षेत्र के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल बागेश्वर धाम में प्रदेश की सबसे बड़ी हाईटेक अन्नपूर्णा रसोई का शुभारंभ किया गया। इस रसोई का उद्घाटन बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने शुक्रवार को वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया। 

इस अवसर पर पं. शास्त्री ने कहा कि बागेश्वर धाम में पिछले पांच वर्षों से अन्नपूर्णा रसोई संचालित हो रही है, लेकिन अब इस नई हाईटेक अन्नपूर्णा से यहां आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को और भी बेहतर सुविधाएं प्राप्त होंगी। चाहे मौसम कोई भी हो, श्रद्धालु अब व्यवस्थित ढंग से प्रसाद ग्रहण कर सकेंगे।

बागेश्वर धाम परिसर में बनी इस हाईटेक अन्नपूर्णा रसोई की क्षमता बेहद विशाल है। यहां एक साथ हजारों श्रद्धालु भोजन कर सकते हैं। रसोई में साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखा गया है, और इसे सुबह 10 बजे से रात तक लगातार संचालित किया जाएगा। इसके अलावा, पेयजल के लिए 2 हजार लीटर की क्षमता वाली 20 टंकियां और दो सैकड़ा नल लगाए गए हैं। महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग लाइन की व्यवस्था की गई है ताकि सुचारू रूप से प्रसाद वितरण हो सके।

उद्घाटन समारोह के दौरान पं. धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री ने यहां लगी मशीनों की सहायता से खुद रोटियां बनाकर भक्तों को प्रसाद वितरित किया। उन्होंने घोषणा की कि आने वाले समय में इस रसोई को और भी उन्नत बनाया जाएगा, जिसमें वातानुकूलित व्यवस्था भी शामिल होगी। 

बागेश्वर धाम में इस नई अन्नपूर्णा रसोई का निर्माण श्रद्धालुओं के लिए एक बड़ा कदम है, जो यहां आने वालों के लिए अत्यधिक सुविधा और आराम प्रदान करेगा।