//वाणी मिश्रा//
नेटवर्क देवास। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक अनूठी पहल के तहत, युवा कलाकार आदेश लहरी ने "आर्ट फ़ॉर अर्थ" नामक एक विशेष पौधारोपण अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान में आदेश अपनी कला के माध्यम से प्राप्त होने वाली राशि का उपयोग पौधे खरीदने और उन्हें रोपित करने में करते हैं।
कैसे मिली आदेश को यह प्रेरणा??
आदेश लहरी का कहना है कि पिछले साल की भीषण गर्मी ने उन्हें पर्यावरण की अहमियत का गहराई से एहसास कराया। उन्होंने महसूस किया कि वृक्षारोपण केवल एक जरूरत नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के लिए हमारी जिम्मेदारी भी है। हालांकि, हम सभी इस जिम्मेदारी को समझते हैं, परंतु समय की कमी के कारण हम इसे प्राथमिकता नहीं दे पाते। इसी विचार से प्रेरित होकर आदेश ने वृक्षारोपण का संकल्प लिया।
"आर्ट फ़ॉर अर्थ" का उद्देश्य और सफलता
आदेश ने इस मुहिम का नाम "आर्ट फ़ॉर अर्थ" रखा, जिसका उद्देश्य है कला से प्राप्त राशि का उपयोग पौधे खरीदने और उन्हें रोपने के लिए करना। इस अनूठे प्रयास से आदेश अब तक सैकड़ों पौधे लगा चुके हैं। उनके इस अभियान को देवास कलेक्टर, स्थानीय राजनेताओं, आम जनता और मीडिया से भरपूर समर्थन मिल रहा है, जिससे इस कार्य में उनकी प्रेरणा और उत्साह कई गुना बढ़ गया है।
आगे की योजना और अपील
कलाकार आदेश का मानना है कि यह सिर्फ एक शुरुआत है। वह इस मुहिम को और भी व्यापक स्तर पर ले जाना चाहते हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग इस पहल में शामिल हो सकें। वह मीडिया और समाज के सभी वर्गों से अपील करते हैं कि वे इस अभियान में सहयोग करें और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में अपना योगदान दें।
