//रत्नेश जैन रागी//
नेटवर्क इंदौर। भारतवर्षीय दिगम्बर जैन तीर्थक्षेत्र कमेटी मध्यांचल (मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़) के अध्यक्ष पद के लिए चुनाव की साधारण सभा आज रविवार सुबह 10:30 बजे गोमटगिरि (इंदौर) तीर्थक्षेत्र में संपन्न हुई। चुनाव अधिकारी महावीर बैनाडा और सहायक डी. के. जैन डीएसपी ने चुनाव प्रक्रिया की शुरुआत करते हुए उपस्थित सदस्यों को सूचित किया कि अध्यक्ष पद के लिए तीन नामांकन पत्र दाखिल किए गए थे, जिनमें भोपाल से अमिताभ मनया, रतलाम से मांगीलाल, और इंदौर से दिनेश कुमार जैन (डी. के. जैन) के नाम शामिल थे। मनया जी और मांगीलाल जी ने अपने नामांकन वापस ले लिए, जिससे एकमात्र उम्मीदवार डी. के. जैन को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष डी. के. जैन ने सभी का दिल से आभार व्यक्त करते हुए यह आश्वासन दिया कि भारतवर्षीय दिगम्बर जैन तीर्थक्षेत्र कमेटी मध्यांचल अपनी पूरी शक्ति तीर्थों के विकास के लिए समर्पित करेगी। उन्होंने बताया कि बुंदेलखंड में सबसे अधिक दिगम्बर जैन तीर्थ और अतिशय क्षेत्र स्थित हैं, जो आर्थिक दृष्टि से अपेक्षाकृत कमजोर हैं। बुंदेलखंड में जितनी जैन प्रतिमाएं सतह पर हैं, उससे कहीं अधिक भूमिगत हैं, जिनका उद्धार आवश्यक है। इस दिशा में योजनाएं तैयार की जाएंगी। सतह पर स्थित कई प्रतिमाएं भी खंडित अवस्था में हैं, जिन्हें ऐतिहासिक और पुरातात्विक दृष्टिकोण से पुनर्निर्मित करने की आवश्यकता है।
उन्होंने कहा कि उचित बुनियादी ढांचे का निर्माण और आधुनिक सुविधाओं से युक्त धर्मशालाओं की स्थापना भी आवश्यक है। इसके लिए एक टीम बनाने का प्रस्ताव है, जिसमें इंटीरियर डिजाइनर, आर्किटेक्ट और समाज के सदस्यों का सहयोग लिया जाएगा। यह टीम विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर योजनाएं तैयार करेगी, जिन्हें केंद्रीय पदाधिकारियों के साथ मिलकर अमल में लाया जाएगा।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष ने कहा कि इन सब कार्यों के लिए वित्तीय संसाधनों की जरूरत होगी। हम आचार्य, मुनिसंघों और समाज के प्रमुख लोगों से निवेदन करेंगे कि इस कार्य के लिए कुछ धनराशि आरक्षित करें, ताकि नए तीर्थों के निर्माण के साथ-साथ पुराने तीर्थों का संरक्षण और संवर्धन भी सुनिश्चित किया जा सके। साथ ही, श्री सम्मेद शिखर जी, गिरनार जी, अंतरिक्ष पारसनाथ और केसरिया जी से जुड़े मामलों पर भी मिलकर कार्य किया जाएगा।
इस अवसर पर मध्यांचल के सैकड़ों सदस्य उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. संजय जैन ने किया और आभार मनोज पाटोदी ने व्यक्त किया।
मध्यांचल कमेटी के निर्विरोध अध्यक्ष चुने जाने पर विभिन्न तीर्थ क्षेत्र कमेटियों ने डी. के. जैन को बधाई और शुभकामनाएं प्रेषित कीं, जिनमें श्री दिगम्बर जैन सिद्धक्षेत्र (रेशंदीगिरि) नैनागिरि ट्रस्ट कमेटी के अध्यक्ष सुरेश जैन आईएएस, मंत्री राजेश जैन रागी, ट्रस्टी संतोष कुमार जैन घड़ी, प्रबंध समिति के अध्यक्ष डॉ. पूर्णचंद और मंत्री देवेंद्र लुहारी, सिद्ध क्षेत्र द्रोणगिरि ट्रस्ट कमेटी के मंत्री सुनील घुवारा, प्रबंध समिति के अध्यक्ष कपिल मलैया और मंत्री सनत कुटोरा, जैन तीर्थ क्षेत्र आहार जी के अध्यक्ष महेंद्र बड़ागांव और मंत्री राजकुमार पठा, अतिशय क्षेत्र नवागढ़ के मंत्री वीरचंद नैकोरा, कुण्डलपुर क्षेत्र के पूर्व अध्यक्ष संतोष सिंघई, उदासीन आश्रम द्रोणगिरि के अधिष्ठाता भागचंद पीली दुकान, अतिशय क्षेत्र पजनारी के महेंद्र कुमार भूषा के साथ ही प्राचार्य सुरेंद्र कुमार, जयकुमार पुरा, राकेश पुजारी, सुरेश चंद्र दाऊ, सुखानंद शाह, सुरेश चंद्र गूगरा, सुरेश सिंघई, प्रमोद पाटनी, निर्मल बारौ, शीलचंद नेता, पदम पनवारी सहित बुंदेलखंड तीर्थ क्षेत्र के पदाधिकारियों और सदस्यों ने बधाई और शुभकामनाएं दीं।

