//विन्द्रावन विश्वकर्मा//
नेटवर्क छतरपुर। जिले की गौरिहार जनपद क्षेत्र अंतर्गत की ग्राम पंचायत अलीपुर से सग्लन गांव इटौरा से गौरिहार तक के लिए सड़क न होने से ग्रामीणों खासकर बुजुर्गों,महिलाओं व पढ़ाई के लिए गौरिहार आने-जाने वाले बच्चों को कई वर्षो से भारी परेशानी उठानी पड़ रही है।ग्रामीणों की इस समस्या को लेकर क्षेत्रीय जनपद सदस्या भावना राजे प्रजापति ने मुख्य मंत्री को पत्र भेज कर उक्त सड़क को जल्द से जल्द बनवाने की मांग की है।
जनपद सदस्या ने बताया कि इटौरा गांव के निवासियों को चारों दिशाओं में आने-जाने के लिए कोई सड़क नहीं है,जिससे पढ़ने वाले बच्चों,गर्भवती महिलाओं, बूढ़े और बीमार लोगों को रोजाना आवागमन को लेकर भारी हलाकान होना पड़ता है। आजादी के 76 वर्षों से अब तक सड़क न मिलने से परेशान ग्रामीण इस बात को लेकर अच्छे खासे नाराज भी हैं।इसी नाराजगी के चलते ग्रामीणों ने चुनाव के समय वोट न देने का संकल्प लिया था,लेकिन अधिकारियों के मनाने पर आश्वासन के बाद ग्रामीण मतदान करने के लिए राजी हुए थे। ग्राम पंचायत अलीपुर के इटौरा गांव के निवासी वर्षों से सड़क की मांग कर रहे हैं, लेकिन अभी तक कोई सुनवाई नहीं हुई है जिससे ग्रामीणों का शासन-प्रशासन व जनप्रतिनिधियों के ऊपर से भरोसा उठ गया है।
जनपद सदस्या भावना राजे प्रजापति ने पत्र के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री से विनम्र निवेदन करते हुए आग्रह किया है कि संबंधित अधिकारियों को सड़क निर्माण के लिए आदेशित कर इटौरा-अलीपुर के ग्रामीणों की मांग को पूरा करें,जिससे वर्षो से आवागमन को लेकर हालाकान होने वाले ग्रामीणों को उनकी समस्या से मुक्ति मिल सके।
