//विन्द्रावन विश्वकर्मा//
नेटवर्क दमोह। स्थाई कर्मी कल्याण संघ की एक महत्वपूर्ण बैठक वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व परिक्षेत्र कार्यालय में संपन्न हुई, जिसमें संघ के जिला अध्यक्ष श्री संतोष सिंह उर्फ बबलू ठाकुर की अध्यक्षता में विभिन्न मांगों पर चर्चा की गई। बैठक में विशेष आमंत्रित सागर के अध्यक्ष श्री लीलाधर नामदेव और दमोह जिला कार्यकारिणी के सभी सदस्य उपस्थित रहे।
बैठक में सुरक्षा श्रमिकों ने प्रमुख मांगें प्रस्तुत की, जिनमें कोर्ट से जीते हुए स्थाई कर्मियों को सातवां वेतनमान, कोर्ट कंटेंप्ट में जाने वाले स्थाई कर्मियों को टॉर्च, जूता, और आइडेंटी कार्ड देने तथा वन सुरक्षा श्रमिकों को कलेक्टर रेट देने की मांगें प्रमुख रहीं। इसके अतिरिक्त, दस वर्षों से कार्यरत सुरक्षा श्रमिकों को दैनिक वेतन भोगी के रूप में मान्यता देने और वरीयता सूची बनाने की भी मांग उठाई गई।
सर्वसम्मति से इन मांगों के समर्थन में प्रस्ताव पारित किया गया, और दीपावली के बाद बड़े आंदोलन की योजना पर विचार किया गया। बैठक के दौरान नए पदाधिकारियों की नियुक्ति भी की गई, जिनमें श्री उमराई लाल विश्वकर्मा को अध्यक्ष, श्री शंकर सिंह को सचिव और श्री अमित को टाइगर रिजर्व अध्यक्ष नियुक्त किया गया। सभी उपस्थित सदस्यों ने नए पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं।