Translate

मंगलवार, 8 अक्टूबर 2024

आकांक्षी जिला अंतर्गत संपूर्णता-अभियान में बेहतर कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारी हुए सम्मानित...निर्धारित मापदण्डों में हुआ शतप्रतिशत कार्य।

//विन्द्रावन विश्वकर्मा//

नेटवर्क छतरपुर। आकांक्षी जिला एवं ब्लॉक अंतर्गत नीति आयोग का संपूर्णता अभियान 1 जुलाई से 30 सितंबर तक चलाया गया था। कलेक्टर पार्थ जैसवाल के निर्देशन और अनुशंसा पर इस अभियान में बेहतर कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों को जिला पंचायत सीईओ तपस्या परिहार एवं एडीएम मिलिंद नागदेवे द्वारा जिला पंचायत सभाकक्ष में प्रशस्ति पत्र सौंपते हुए सम्मानित किया गया। 

अभियान का उद्देश्य संपूर्णता अभियान अंतर्गत 6 इंडीकेटर्स को संपूर्ण ग्रामीण क्षेत्रों में शत-प्रतिशत क्रियांवयन किया जाना था। जिसमें पहली तिमाही के भीतर प्रसवपूर्व देखभाल (एएनसी) के लिए पंजीकृत गर्भवती महिलाओं का प्रतिशत। ब्लॉक में लक्षित जनसंख्या की तुलना में मधुमेह (डायबिटीज) के लिए जांच किए गए व्यक्तियों का प्रतिशत। ब्लॉक में लक्षित जनसंख्या की तुलना में उच्च रक्तचाप के लिए जांच किए गए व्यक्तियों का प्रतिशत। आईसीडीएस कार्यक्रम अंतर्गत नियमित रूप से पूरक पोषण लेने वाली गर्भवती महिलाओं का प्रतिशत। मृदा नमूना संग्रहण लक्ष्य के विरुद्ध सृजित मृदा स्वास्थ्य कार्डों का प्रतिशत। ब्लॉक में कुल एसएचजी के मुकाबले रिवाल्विंग फंड प्राप्त करने वाले एसएचजी का प्रतिशत। इन इंडीकेटर्स में शत-प्रतिशत उपलब्धि के लिए बकस्वाहा में ब्लॉक स्तरीय उन्मुखीकरण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया था। जिसके परिणाम स्वरूप मृदा नमूना संग्रहण एवं मृदा स्वास्थ्य कार्ड, साथ ही हेल्थ कैंप में मधुमेह, उच्च रक्तचाप आदि इंडीकेटर्स पर संबंधित अधिकारी-कर्मचारियों द्वारा शतप्रतिशत कार्य किया गया है।