Translate

शनिवार, 9 नवंबर 2024

महिला नेतृत्व का नया अध्याय: डॉ. ममता चंद्रशेखर ने पीएम एक्सीलेंस कॉलेज में संभाला प्राचार्य का पदभार।

//वंदना जोशी//

नेटवर्क इंदौर। शहर के श्री अटल बिहारी वाजपेयी शासकीय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, इन्दौर (प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस) में शिक्षा के क्षेत्र में एक नया अध्याय शुरू हुआ है। महाविद्यालय ने पहली बार एक महिला प्राचार्य के रूप में डॉ. ममता चंद्रशेखर का स्वागत किया गया है। जिन्होंने बीते दिवस प्रतिबद्धता के साथ प्राचार्य पद का कार्यभार संभाला। इस पद पर महिला नेतृत्व की उपस्थिति न केवल महाविद्यालय के लिए एक सम्मानजनक क्षण है, बल्कि यह एक नई दिशा की ओर कदम बढ़ाने का संकेत भी है, जहां महिला सशक्तिकरण और उत्कृष्ट शिक्षा का मिलाजुला दृष्टिकोण सामने आएगा। 

              उल्लेखनीय है कि डॉ. ममता चंद्रशेखर जो शिक्षा के क्षेत्र में अपनी अनुकरणीय सेवाओं के लिए जानी जाती हैं, जिन्होंने इस अवसर पर कहा कि उनका उद्देश्य केवल पद को ग्रहण करना नहीं है, बल्कि महाविद्यालय के छात्रों और समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को निष्ठापूर्वक निभाना भी है। इसके साथ ही मीडिया से चर्चा में उन्होंने कहा कि महाविद्यालय को शैक्षणिक और नैतिक ऊंचाइयों तक पहुंचाना मेरी प्रथम प्राथमिकता रहेगी। और मैं अपने महाविद्यालय के हर छात्र को जीवन के हर क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित करना चाहती हूं।

                 वहीं डॉ. ममता के नेतृत्व में महाविद्यालय से उम्मीद की जा रही है कि वह नए शैक्षणिक मापदंडों को स्थापित करेगा और छात्रों को एक ऐसा मंच प्रदान करेगा जहां वे ज्ञान के साथ-साथ मूल्य और व्यवहारपरक शिक्षा भी प्राप्त करें। इस अवसर पर महाविद्यालय के सभी अधिकारियों, शिक्षकों, छात्रों और कर्मचारियों ने डॉ. चंद्रशेखर का गर्मजोशी से स्वागत किया।