क्या कबाड़ बेचकर कर ली अपनी जुगाड़
//राजेश पाराशर//
नेटवर्क सागर। पशु चिकित्सा विभाग में पुराने कबाड़ को बेचे जाने के टेंडर को लेकर सस्पेंस बना हुआ है। पशु चिकित्सा सेवाये के उपसंचालक इस पर चुप्पी साधे हुए हैं। वह मीडिया के सामने आने से कतरा रहे हैं। विभाग में जमकर की जा रही है धांधली। यहां बता दें कि बीते दिनों पशु चिकित्सा विभाग में पुराने सामान का विक्रय किया गया। जिसको लेकर टेंडर जारी किया गया या नहीं इस पर अभी सस्पेंस बना है। सूत्र बताते हैं कि इस संबंध को लेकर कोई टेंडर जारी नहीं किया गया और आनन-फानन में सेटिंग बाजी कर पुराने सामान की बिक्री कर दी गई। जब इस संबंध में सागर के कुछ मीडिया कर्मियों ने संबंधित विभाग के अधिकारी से इस संबंध में चर्चा की तो वह कन्नी काटते हुए नजर आए। सूत्र बताते हैं कि इस कबाड़े की सामग्री बेचने में विभाग के कर्मचारियों ने वारे के नारे किये और भारी अनियमितताएं की गई। बार-बार उपसंचालक से मीडिया ने इस संबंध में बात की तो वे कई प्रकार के बहाने बनाकर ऑफिस से निकल गए। उन्होंने मीडिया के सामने कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किये। सूत्र बताते हैं कि पशु चिकित्सा सेवाओं के उपसंचालक एवं वहां पर कार्यरत कर्मचारी साठ गांठ कर विभाग को चूना लगा रहे हैं। बात तो यहां तक निकल कर सामने आ रही है कि उक्त विभाग में शाम ढलते ही यहां पैगो के दौर जारी हो जाते हैं।