//रत्नेश रागी, अनिल जैन बड़कुल//
बकस्वाहा(छतरपुर)। तहसील क्षेत्र अंतर्गत ग्राम मड़देवरा में श्री चंद्रप्रभु जिनालय में आयोजित सिद्धचक्र महामंडल विधान विविध धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ संपन्न हुआ। इस पावन अवसर पर जैन समाज के श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया, जिससे पूरा गांव धर्ममय वातावरण में रंग गया।
प्रतिदिन नित्य पूजन, श्रीजी का अभिषेक, शांतिधारा एवं सिद्धचक्र महामंडल विधान पूजन के साथ-साथ रात्रि में धार्मिक और सांस्कृतिक आयोजन किए गए। महोत्सव का समापन श्रीजी की पालकी शोभायात्रा एवं कलशाभिषेक के साथ हुआ। जिसमें श्रद्धालुओं ने भक्तिभाव से भाग लिया।
विधान का संचालन पं. वीरचंद जैन (शाहगढ़) ने विधिविधान पूर्वक किया। उन्होंने कहा कि सिद्धचक्र महामंडल विधान की महिमा अत्यंत प्रभावशाली और चमत्कारिक है। श्रीपाल के कुष्ठ रोग निवारण के लिए मैनासुंदरी ने सर्वप्रथम इस विधान का आयोजन किया था, जिससे उनका रोग दूर हो गया था। उन्होंने कहा कि यह विधान पाप, ताप और संताप नष्ट करता है।
वहीं इस आयोजन को सफल बनाने में युवा, पाठशाला के बच्चे, महिलाएं और सकल दिगंबर जैन समाज का विशेष योगदान रहा।