//सत्यम खरे//
बाजना(छतरपुर)। पर्यावरण संरक्षण को लेकर जनजागरूकता बढ़ाने हेतु बुधवार को बक्सवाहा जनपद क्षेत्र अंतर्गत आने वाले बाजना वन परिक्षेत्र में "एक पेड़ मां के नाम" अभियान का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम वन मंडल अधिकारी छतरपुर (उपवन मंडल बिजावर) के मार्गदर्शन एवं वन परिक्षेत्राधिकारी रजत तोमर के निर्देशन में सम्पन्न हुआ।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत बाजना की सरपंच भगवती शुक्ला, पीएम श्री शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बाजना के शिक्षकगण एवं लगभग 50 छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। प्रत्येक विद्यार्थी ने अपनी मां के नाम पर एक पौधा रोपित कर पर्यावरण की रक्षा का संकल्प लिया।
बीट प्रभारी रामेश्वर मिश्रा ने बच्चों को पेड़ों के महत्व को सरल शब्दों में समझाया। उन्होंने कहा कि पेड़ न केवल जीवनदायिनी ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, बल्कि पर्यावरण को संतुलित रखने में भी अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करते हुए कहा कि हर व्यक्ति को कम से कम एक पौधा अवश्य लगाना चाहिए और उसकी देखभाल भी करनी चाहिए।
कार्यक्रम में डिप्टी रेंजर रामेश्वर मिश्रा, बृजेश बिल्थरे, हरि सिंह, तथा विद्यालय के शिक्षक रेनू राजावत, जितेन्द्र अनुरागी, दुर्गा पटेल आदि उपस्थित रहे। सभी ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जाहिर की।