मोर्चा बाबा और बुंदेला बाबा मार्ग पर श्रद्धालुओं की खुशी, वार्डवासियों ने कहा— अब आसान हुआ पूजा स्थल का सफर
//विनोद कुमार जैन//
बकस्वाहा(छतरपुर)। नगर परिषद बकस्वाहा के वार्ड नं. 10 के लोगों की दो दशक पुरानी पीड़ा आखिरकार खत्म हो गई। लंबे इंतज़ार के बाद मोर्चा बाबा मार्ग और बुंदेला बाबा मार्ग पर पक्की सड़क का निर्माण पूरा हुआ तो वार्डवासियों ने राहत की सांस ली और खुशी से झूम उठे।
करीब 5 लाख रुपये की लागत से तैयार हुई ये सड़कें केवल आने-जाने का मार्ग नहीं बल्कि आस्था और परंपरा की डगर हैं। नगर के हिंदू समाज में विवाह के अवसर पर दूल्हा सबसे पहले इन्हीं स्थलों पर जाकर पूजा करता है। मगर पिछले वर्षों से खराब रास्ते ने श्रद्धालुओं और दूल्हों की परीक्षा ले रखी थी। बरसात में कीचड़ और पानी से लथपथ होकर यहां पहुंचना बेहद मुश्किल हो जाता था।
वार्ड पार्षद रुक्मणि सुरेन्द्र प्रजापति ने इस समस्या को गंभीरता से उठाते हुए नगर परिषद तक आवाज़ पहुंचाई। सीएमओ नेहा शर्मा ने त्वरित पहल करते हुए मंजूरी दिलाई और सड़क निर्माण का काम प्राथमिकता पर शुरू कराया। परिणामस्वरूप 20 साल पुराना सपना साकार हो गया।
स्थानीय निवासी रामकुमार, राजेश और गीता बाई ने कहा—
“यह सड़कें हमारे लिए सिर्फ मार्ग नहीं, बल्कि धार्मिक परंपरा की जीवनरेखा हैं। अब विवाह और धार्मिक अवसरों पर श्रद्धालुओं व दूल्हों को पूजा स्थल तक जाने में कोई परेशानी नहीं होगी।”
वार्डवासियों ने सड़क निर्माण को लेकर पार्षद रुक्मणि प्रजापति और सीएमओ नेहा शर्मा का आभार जताया और कहा कि यह कार्य वर्षों से चली आ रही कठिनाई का अंत करने वाला साबित हुआ है।