//रत्नेश रागी, रूपेश जैन, अनिल जैन बड़कुल//
बकस्वाहा(छतरपुर)। आजादी के अमृत महोत्सव की श्रृंखला में बुधवार, 13 अगस्त को बकस्वाहा नगर देशभक्ति के रंग में सराबोर हो उठा | 551 फ़ुट लंबा तिरंगा लेकर शासकीय स्कूली छात्र-छात्राएं ने तिरंगा यात्रा प्रारंभ की जिसमे बीजेपी के बड़ामलहरा पूर्व विधायक प्रदुम्न सिंह लोधी , बीजेपी मंडल अध्यक्ष संदीप खरे 'लल्ला'सहित तमाम बीजेपी पदाधिकारी सम्मिलित हुए | इस तिरंगा यात्रा में नगर की गलियों और मुख्य मार्गों पर देशभक्ति के गीत, भारत माता के जयकारे और वंदे मातरम् की गूंज ने वातावरण को अद्भुत ऊर्जा से भर दिया। हर घर तिरंगा और हर घर स्वच्छता का यह कार्यक्रम पूरे देश में 13-15 तक मनाया जाएगा !
सुबह 11 बजे सांदीपनि विद्यालय से प्रारंभ हुई यह यात्रा पाली रोड, जनकपुर मोहल्ला, अस्पताल तिराहा, नगर के मुख्य मार्गों और बस स्टैंड से गुजरते हुए पीएम श्री कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में संपन्न हुई। इस दौरान नगर व आसपास के ग्रामीण अंचलों से आए नागरिको ने तिरंगा यात्रा में हिस्सा लिया !
पूर्व विधायक प्रदुम्यन सिंह लोधी ने कहा "तिरंगा हमारे देश की आत्मा है। इसे ऊँचा रखना हर भारतीय का परम कर्तव्य है। आज बकस्वाहा की धरती ने एकता और जोश का जो अद्वितीय उदाहरण पेश किया है, वह इतिहास में अंकित होगा।"
जिला पंचायत सदस्य करन सिंह लोधी ने कहा "551 फुट का यह तिरंगा केवल कपड़े का टुकड़ा नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों की शौर्यगाथा और बलिदान की अमर कहानी है।"
जनपद अध्यक्ष रजनी मोती यादव ने कहा "हमारे पूर्वजों ने तिरंगे की रक्षा के लिए अपने प्राण न्यौछावर किए, अब हमें उनके सपनों का भारत साकार करना है।"
नगर पंचायत अध्यक्ष किरण बृजगोपाल सोनी ने कहा "बकस्वाहा की यह तिरंगा यात्रा आने वाली पीढ़ियों के लिए यह संदेश लेकर जाएगी कि देशभक्ति केवल भावना नहीं, बल्कि जिम्मेदारी भी है।"
भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व जनपद अध्यक्ष अभय फट्टा ने सभी नागरिकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा — "यह तिरंगा यात्रा देशप्रेम की प्रेरणा बनकर आने वाली पीढ़ियों के हृदय में सदैव जीवित रहेगी।"
प्रशासनिक एवं सामाजिक सहभागिता
इस अवसर पर तहसीलदार भरत पांडे, नगर निरीक्षक सुनीता बिंदुआ, सीएमओ नेहा शर्मा सहित शिक्षा विभाग का पूरा स्टाफ, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं सैकड़ों की संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
यात्रा की विशेष झलक
तिरंगा यात्रा में स्कूली छात्र-छात्राओं की जोशीली भागीदारी ने माहौल को और भी भव्य बना दिया। छोटे-छोटे हाथों में लहराते तिरंगे और गूंजते नारे ‘भारत माता की जय’ एवं ‘वंदे मातरम्’ नगर की पहचान बन गए।