नेटवर्क छतरपुर। महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के जे. सी. बॉस हॉल में आयोजित रिवाइवल ऑफ द आईडियाज़ ऑफ महामति प्राणनाथ: ए न्यू इरा ऑफ लीडरशिप इन द एकेडमिक वर्ल्ड विषय पर दो दिवसीय वाइस चांसलर्स कॉनक्लेव के उद्घाटन सत्र का आयोजन हुआ। जिसमें क्रांतिवीर तात्या टोपे विश्वविद्यालय गुना के कुलगुरु डॉ. किशन यादव अपनी धर्मपत्नी संग मुख्य अतिथि के रूप में विश्वविद्यालय पहुंचे।
इसी अवसर पर राजनीति शास्त्र अध्ययनशाला की प्रभारी विभागाध्यक्ष डॉ. कल्पना वैश्य के विशेष आग्रह पर डॉ. यादव को अध्ययनशाला में आमंत्रित किया गया।
इस मौके पर डॉ. वैश्य ने कुलगुरु डॉ. यादव एवं उनकी पत्नी का साल और श्रीफल भेंटकर आत्मीय स्वागत किया। विभाग के विषय विशेषज्ञ विकास तनवर, डॉ. पवन सेन, भुवानी अहिरवार, शिवेंद्र कुशवाह, रूपेश जैन सहित जूनियर रिसर्च फेलोज़ की उपस्थिति ने कार्यक्रम को और भी गरिमामय बना दिया।
शिष्टाचार भेंट के दौरान कुलगुरु डॉ. यादव ने महाराजा छत्रसाल बुंदेलखंड विश्वविद्यालय की कुलगुरु प्रो. शुभा तिवारी तथा कुलसचिव यशवंत सिंह पटेल के नेतृत्व व कार्यों की सराहना की। उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि राजनीति शास्त्र केवल एक विषय नहीं, बल्कि समाज विज्ञान की मूल संरचना है। उन्होंने विभाग के शिक्षकों एवं शोधार्थियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि आप सभी गहराई से शोध करें और राजनीति शास्त्र का गहन अध्ययन कर इसे अध्यापन में उतारें। इससे नए विद्यार्थियों को उन्नत ज्ञान मिलेगा और उनमें विषय के प्रति नई समझ विकसित होगी।
डॉ. यादव के विचारों ने उपस्थित विद्वानों और शोधार्थियों को नई प्रेरणा दी। वहीं प्रभारी विभागाध्यक्ष डॉ. कल्पना वैश्य ने कुलगुरु डॉ. यादव के सरल व विनम्र व्यक्तित्व की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनका यह अल्प प्रवास राजनीति शास्त्र अध्ययनशाला के लिए स्मरणीय रहेगा। उन्होंने विभाग को समय प्रदान करने के लिए आभार भी व्यक्त किया।
