Translate

सोमवार, 25 अगस्त 2025

शांति समिति बैठक सम्पन्न!!...सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाए जाएंगे सभी धर्मों के त्यौहार।

 

//विनोद कुमार जैन//

बकस्वाहा(छतरपुर)। नगर बकस्वाहा थाना परिसर में सोमवार शाम 6 बजे आयोजित शांति समिति की बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई। आगामी दिनों में मनाए जाने वाले गणेश चतुर्थी, ईद मिलादुन्नबी और जैन समाज का पर्युषण पर्व को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ नगर के गणमान्य नागरिक, विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधि, पत्रकार और गणेश समितियों के सदस्य बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

बैठक की अध्यक्षता तहसीलदार भरत पांडे और थाना प्रभारी सुनीता बिंदुआ ने की। इस दौरान अधिकारियों ने कहा कि बकस्वाहा की पहचान आपसी भाईचारे और सौहार्द से है, जिसे बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने अपील की कि त्योहारों के दौरान नागरिक शांति, सहयोग और अनुशासन बनाए रखें, जिससे सभी पर्व बिना किसी व्यवधान के संपन्न हो सकें।

बैठक में मुख्य रूप से जुलूस के मार्ग, यातायात व्यवस्था, बिजली-पानी, सफाई और सुरक्षा की तैयारियों पर चर्चा की गई। जैन समाज के प्रतिनिधियों ने पर्युषण पर्व के दौरान स्वच्छता और शाकाहार को लेकर नागरिकों से सहयोग की अपील की। वहीं मुस्लिम समाज के लोगों ने भी ईद मिलादुन्नबी पर शांति और भाईचारे का संदेश देने पर जोर दिया।

तहसीलदार भरत पांडे ने कहा कि, “बकस्वाहा की पहचान आपसी भाईचारे और सौहार्द से है। आगामी सभी त्योहारों को मिलजुलकर शांति और सद्भावना के साथ मनाया जाएगा। प्रशासन की ओर से सभी आवश्यक तैयारियाँ की जा रही हैं और नागरिकों का सहयोग इसमें सबसे महत्वपूर्ण है।”

वहीं थाना प्रभारी सुनीता बिंदुआ ने स्पष्ट किया कि, “त्योहारों के दौरान नगर में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती रहेगी और रात्रीकालीन गश्त भी बढ़ाई जाएगी। हम नागरिकों से अपील करते हैं कि वे अफवाहों से दूर रहें और किसी भी समस्या की तुरंत सूचना पुलिस को दें। हमारा उद्देश्य है कि हर त्योहार शांति और सुरक्षा के साथ सम्पन्न हो।”

इस मौके पर गणेश उत्सव समितियों के प्रतिनिधियों ने भी आश्वासन दिया कि नगर में स्थापित होने वाले गणेश पंडालों में नियम-कायदों का पालन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि, “हम सभी समाज और प्रशासन के सहयोग से गणेशोत्सव को शांति, श्रद्धा और सांस्कृतिक गरिमा के साथ मनाएंगे। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था न हो, इसके लिए समितियां प्रशासन के हर निर्देश का पालन करेंगी।”

बैठक के अंत में सभी धर्मों के प्रतिनिधियों ने एक स्वर में कहा कि बकस्वाहा में हमेशा की तरह इस बार भी सभी त्योहार आपसी सद्भाव और भाईचारे के साथ मनाए जाएंगे।