Translate

बुधवार, 27 अगस्त 2025

गणेशोत्सव की धूम : श्रीमद भागवत कथा का भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ शुभारंभ।

 


//अंशुल असाटी//

बकस्वाहा(छतरपुर)। नगर में इस बार गणेशोत्सव पूरे हर्ष और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। 27 अगस्त से प्रारंभ हुए गजानन महोत्सव का शुभारंभ श्रीमद भागवत कथा और भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ।

बड़ा बाजार स्थित विशाल पंडाल में “बकस्वाहा के राजा – श्री गणेश दादा” की मनमोहक प्रतिमा विराजमान की गई है। यह प्रतिमा लालबाग के राजा की तर्ज पर तैयार की गई है, जो श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

 कलश यात्रा में लगा श्रद्धालुओं का तांता

श्रीमद भागवत कथा से पूर्व निकली  कलश यात्रा में श्रद्धालुओं ने भारी संख्या में भाग लिया। यात्रा का शुभारंभ बड़े बाजार स्थित कथा स्थल से हुआ। यात्रा बस स्टैंड, देवरी तिराहा, जनकपुर मोहल्ला, थाना तिराहा, बांके बिहारी मंदिर और राम-जानकी मंदिर से होती हुई पुनः कथा स्थल पर संपन्न हुई।

देवरी तिराहा पर परंपरा अनुसार मीठा पुराने बेर से कलशों में जल भरने का अनुष्ठान किया गया। यात्रा के दौरान बाहर से पधारे कलाकारों द्वारा प्रस्तुत ढोल-नगाड़ों और डमरू दल की थाप ने लोगों का मन मोह लिया। महिलाएं, बच्चे, युवा और बुजुर्ग सभी उत्साहपूर्वक इसमें शामिल हुए। नगर की मुख्य सड़कों पर धार्मिक माहौल और भक्ति का सागर उमड़ पड़ा।

धार्मिक-सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला

गणेशोत्सव मंडल द्वारा इस अवसर पर धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की समृद्ध झलक देखने को मिलेगी। तय कार्यक्रम इस प्रकार हैं –

27 अगस्त – श्रीमद भागवत कथा का शुभारंभ एवं कलश यात्रा

28-29 अगस्त – गरबा-डांडिया महोत्सव

31 अगस्त – दही हांडी उत्सव

1 सितम्बर – कृष्ण-रुक्मिणी विवाह उत्सव

3 सितम्बर – भोलेनाथ की बारात

4-5 सितम्बर – भक्तमाल कथा

6 सितम्बर – हवन-पूजन, गौदान एवं गणेश विसर्जन

 आकर्षण का केंद्र बनी विशाल पंडाल में स्थित गणेश दादा की मनमोहक प्रतिमा 

गणेशोत्सव मंडल द्वारा तैयार किया गया विशाल पंडाल नगरवासियों के आकर्षण का केंद्र बना है। पंडाल की विद्युत सज्जा, रोशनी और रंग-बिरंगी झिलमिलाती लाइटें लोगों को रात्रि में आकर्षित कर रही हैं।वहीं पंडाल की साज सज्जा के बीच स्थित गणेश दादा की प्रतिमा लोगो का मन मोह रही है सांस्कृतिक कार्यक्रमों और धार्मिक अनुष्ठानों की श्रृंखला ने पूरे नगर का वातावरण भक्ति और आनंदमय बना दिया है।

 उत्साह और उल्लास का माहौल

नगर में गणेशोत्सव को लेकर अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिल रहा है। श्रद्धालु सुबह-शाम गणपति बप्पा के दर्शन के लिए पंडाल में पहुंच रहे हैं। बच्चे झांकियों का आनंद ले रहे हैं, वहीं महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में धार्मिक कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी निभा रही हैं।

पूरे नगर में इस समय केवल एक ही गूंज सुनाई दे रही है –

“गणपति बप्पा मोरया, मंगल मूर्ति मोरया…”