Translate

बुधवार, 7 जनवरी 2026

गौशाला में लापरवाही: गाय का शव पड़ा, कुत्ते-चील नोच रहे।

//अंशुल असाटी//

बक्सवाहा(छतरपुर)। जनपद पंचायत बक्सवाहा अंतर्गत गड़ोही पंचायत की गौशाला से एक बेहद शर्मनाक और अमानवीय दृश्य सामने आया है, जिसने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां गौशाला परिसर में एक गाय की बीमारी के कारण मौत हो गई, लेकिन मौत के बाद भी न तो उपचार हुआ, न अंतिम संस्कार और न ही किसी जिम्मेदार ने ध्यान दिया।

स्थिति यह है कि मृत गाय का शव कई दिनों से गौशाला परिसर में ही पड़ा हुआ है, जिसे आवारा कुत्ते और चील-कौवे नोच-नोच कर खा रहे हैं। गौ रक्षा के नाम पर बनाई गई गौशाला में इस तरह का दृश्य सामने आना प्रशासनिक अनदेखी की पराकाष्ठा माना जा रहा है।

ग्रामीणों का कहना है कि गड़ोही पंचायत की गौशाला लगभग एक वर्ष से बंद है। और पिछले दो वर्षों से गौशाला के लिए कोई भी राशि जारी नहीं हुई, जिसके कारण चारा, दवा और देखरेख पूरी तरह बंद है।

ग्रामीणों में इस घटना को लेकर भारी गुस्सा है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते बीमार गाय का इलाज और मृत्यु के बाद सम्मानजनक अंतिम संस्कार किया जाता, तो यह स्थिति पैदा नहीं होती। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल जांच, जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई और गौशाला को पुनः चालू कराने की मांग की है।

वही बक्सवाहा तहसीलदार भरत पांडेय का कहना है गौ शाला की जांच करेंगे और जनपद पंचायत कार्यपालन अधिकारी से चर्चा करके गौ शाला को जल्द से जल्द चालू कराने का प्रयास करेंगे।