बैलगाड़ी दौड़ प्रतियोगिता।
कैलाश यादव की हुई जीत।
प्रतियोगिता में रहा ग्राम बंधियन का दबदबा, विजेता को मिली नई बैलगाड़ी
छतरपुर। बसारी में चल रहे 23वें बुंदेली उत्सव के अंतर्गत बुधवार को उत्सव के सबसे रोमांचक प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
क्षेत्र के 23 से अधिक किसान अपने हष्ट-पुष्ट बैलों और सजी-धजी गाडिय़ों के साथ बैलगाड़ी दौड़ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने पहुंचे। 23 प्रतिभागियों के बीच आयोजित हुई इस बैलगाड़ी प्रतियोगिता में ग्राम बंधियन का दबदबा रहा। इसी गांव के तीन किसानों ने प्रतियोगिता के तीनों स्थानों पर कब्जा जमाया। प्रथम स्थान पर कैलाश यादव, दसूरे स्थान पर भगवानदास यादव और तीसरे स्थान पर जीतेन्द्र विश्वकर्मा रहे। पूर्व विधायक मुन्ना राजा एवं बुंदेली विकास संस्थान के अध्यक्ष आदित्य शंकर बुंदेला सहित इस रोचक प्रतियोगिता को देखने आए विदेशी मेहमानों ने विजेता को 3100 रुपए व एक नई बैलगाड़ी पुरुस्कार स्वरूप भेंट की। दूसरे स्थान पर रहे प्रतिभागी को 3100 रुपए एवं तीसरे स्थान पर रहे प्रतिभागी को 2100 रुपए का पुरुस्कार दिया गया।कबड्डी में गाजीपुर बना विजेता
वहीं दूसरी ओर सुबह से खेले गए कबड्डी पुरुष वर्ग के फाईनल मुकाबले में गाजीपुर ओर बीना की टीमें आपस में भिड़ीं। इस मुकाबले को 29-13 के अंतर से गाजीपुर उत्तरप्रदेश ने जीत लिया। बुंदेली विकास संस्थान के संरक्षक पूर्व विधायक शंकर प्रताप सिंह मुन्ना राजा ने विजेता टीम को 15 हजार एवं उप विजेता टीम को 7100 रुपए देकर सम्मानित किया। मैच में देवेन्द्र राठौर, नरपत सिंह, रामपाल सिंह, लक्ष्मण दास नायक और रामकृष्ण जाटव ने रैफरी की भूमिका निभाई तो वहीं धीरज चौबे ने शानदार कॉमेन्ट्री की।
विदेशी मेहमानों को भा रहा बुंदेली उत्सव
बुंदेली उत्सव को देखने के लिए प्रतिदिनि पर्यटन नगरी खजुराहो से कई विदेशी मेहमान बसारी पहुंच रहे हैं। मंगलवार को भी 40 से अधिक विदेशी मेहमानों ने कार्यक्रमों का आनंद उठाया तो वहीं बुधवार को भी कई विदेशी मेहमान बैलगाड़ी प्रतियोगिता देखने के लिए यहां पहुंचे। बीते रोज अर्जेन्टीना से पहुंचे विदेशी मेहमानों के एक दल ने उत्सव की जमकर तारीफ की। महिलाओं के इस दल ने कहा कि कबड्डी जैसे खेल में भारतीय लड़कियों का जवाब नहीं। उन्होंने मैच जीतने वाली महिला टीम की जमकर तारीफ की।

