Translate

सोमवार, 30 मार्च 2020

छतरपुर। जिले में अब तक 7 हजार से ज्यादा लोंगो का परीक्षण।


(फाइल फोटो)

नेटवर्क छतरपुर। छतरपुर जिले में प्रशासन द्वारा कोरोना वायरस की रोकथाम के लिए सभी जरूरी उपाय किए गए हैं। छतरपुर जिले की सीमाओं को सील करने के साथ ही पुलिस, प्रशासन और समाजसेवियों के द्वारा मजदूरों एवं निर्धन वर्ग के लोगों को खाने के लिए लंच पैकेट भी वितरित किए जा रहे हैं।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार अब तक छतरपुर जिले में साढ़े 7 हजार व्यक्तियों के परीक्षण किए जा चुके हैं, जिसमें 16 व्यक्तियों को संदिग्ध मानते हुए इनके सैंपल भेजे गए थे, जिनमें सभी की नेगेटिव रिपोर्ट आ चुकी है।
आज 3 सैंपल भेजे गए हैं जिनकी रिपोर्ट आना शेष है।
इसके अलावा छतरपुर जिले में 110 लोगों को होम क्वारेंटाइन में रखा गया है।
इनमें विदेश से आये 21 व्यक्ति और बाकी 89 लोग ग्वालियर में मिले कोरोना वायरस संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आए थे।
छतरपुर जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में 10 बेड उपलब्ध हैं, जबकि शहर से 10 किलोमीटर की दूरी पर स्थित ग्राम ढड़ारी के पास भी प्रशासन द्वारा 8 बेड का आइसोलेशन वार्ड बनाया गया है। प्रशासन द्वारा आपातकाल की स्थिति में मदद के लिए जिले में ऐसे 10 अन्य स्थान भी चिन्हित किए जा रहे हैं।