Translate

शनिवार, 8 जून 2019

भीषण गर्मी में पानी के लिए जूझ रहा पूरा गांव,अधिकारी क्यो है वे-खबर???

भीषण गर्मी में पानी के लिए जूझ रहा पूरा गांव,अधिकारी क्यो है वे-खबर???



//अखण्ड यादव//

बल्देवगढ़(टीकमगढ)। खरगापुर विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गोरा सहित पूरे क्षेत्र में भीषण गर्मी में पेयजल संकट से लोग जूझ रहे हैं। चारों ओर पानी के लिए हाहाकार मचा हुआ है।
हैंडपंपों ने पानी उगलना बंद कर दिया है। अब गांवों में भयावह स्थिति पैदा हो गई है। लोग एक-एक बाल्टी पानी के लिए कई घंटों में लाइन में लग इंतजार कर रहे हैं।
पीने के पानी के लिए पूरा गांव रातजगा कर रहा है। पीने के पानी की विकराल समस्या खड़ी हो गई। और प्रशासन के अधिकारी और जनप्रतिनिधि गहरी नींद में हैं।
लोगों ने बताया कि भीषण गर्मी में पानी की समस्या बनी हुई है। बूंद बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं।
गोरा ग्राम में जनप्रतिनिधियों व संबंधित विकासखंड के अधिकारी की उदासीनता के चलते भीषण जलसंकट से निजात नहीं मिल पा रही है।
ग्रामीण लगभग डेढ़ किलोमीटर दूर से एक निजी कुआं से पानी का इंतजाम कर रहे हैं। जहां भरी दोपहरी में भी लोगों की भीड़ लगी रहती है।
जल संकट के चलते लोग अब यहां से पलायन करने के लिए मजूबर हो रहे हैं। ग्रामीणों ने मांग की है शीघ्र ही जिम्मेदार जनप्रतिनिधि व अधिकारी मिलकर ग्राम में व्याप्त जलसंकट से निपटने के लिए योजना बनाकर जलापूर्ति कराएं।
जिससे लोगों को गर्मी के मौसम पर्याप्त पानी उपलब्ध हो सके।
मजदूर वर्ग के लोगों को आर्थिक परेशानियों के साथ-साथ अब पानी के लिए भी भटकना पड़ रहा है।
 उन्होंने बताया कि पूरा समय पानी के इंतजाम करने में निकल जाता है। मजदूरी नहीं कर पा रहे हैं। जिससे अब परिवार का पालन करना मुश्किल हो रहा है। पानी का इंतजाम करते करते दो बज जाते हैं। इसके बाद कोई भी काम पर नहीं रखता है।
 खाने-पीने के भी लाले पड़ रहे हैं। क्षेत्र के सभी कुआं व नलों का जल स्तर काफी नीचे पहुंच गया है। सभी जलस्रोत सूख चुके हैं। जंगली जानवर भी अब गांव की ओर रूख कर रहे हैं। जो लोगों पर हमला कर जख्मी कर रहे हैं। वन विभाग द्वारा भी वन्यजीवों को पानी की व्यवस्था नहीं की गई है।
बल्देवगढ़ विकासखंड की ग्राम पंचायत गोरा निवासी प्रेम भाई पाल ममता पाल कुसुम पाल माया पाला मुन्ना पाल चंदाबाई पाल मन्नू पाल मानव कुवर प्रजापति लच्छी प्रजापति महिलाओं ने बताया कि ग्राम पंचायत गोरा में पानी के लिए बहुत परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है सरपंच सचिव से कई बार कह चुके हैं लेकिन पानी के लिए कोई इंतजाम नहीं करवाया जा रहा है ग्रामीणों ने सरपंच पर आरोप लगाते हुए कहा कि शासन द्वारा गांव में पानी के लिए टैंकर आया था उस टैंकर को सरपंच निजी कार्यों में उपयोग कर रहे हैं गांव की तो उनको कोई फिक्र ही नहीं है गांव में कुआं और हेडपंप है जो सूख गए हैं एक कुआं से ही काम चल रहा है।