Translate

बुधवार, 31 जुलाई 2019

शासकीय महाविद्यालय,नगर परिषद,थाना,स्टेशन सहित अन्य संस्थाओं में स्वच्छता जागरूकता कार्यशाला।

शासकीय महाविद्यालय,नगर परिषद,थाना,स्टेशन सहित अन्य संस्थाओं में  स्वच्छता जागरूकता कार्यशाला।


//गगन सेन//

पथरिया(दमोह)। पथरिया नगर में स्वच्छता के प्रति शासकीय संस्थाओं के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जागरूक करने हेतु नगर परिषद् पथरिया द्वारा शासकीय संस्थाओं में स्वच्छता की थीम पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किये गये।

 जिसका संयोजन नो फ़िकर फाउंडेशन द्वारा किया गया. इस कार्यक्रम का शुभारम्भ पथरिया पुलिस थाना के एस.डी.ओ.पी. के. वी. उपाध्याय के कर-कमलों द्वारा किया गया। कार्यक्रम की उद्घोषणा करते हुए नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष लक्ष्मण सिंह ठाकुर ने पुलिस विभाग के स्टाफ को स्वच्छता के लाभ बताये तथा नगर को स्वच्छ बनाने हेतु संकल्पित किया साथ ही नगर को दूषित करने वालों की तस्वीर को प्रेषित करने की अभिव्यक्ति की। पथरिया थाना प्रभारी राजेश मिश्रा ने वृक्षारोपण के महत्त्व के विषय में चर्चा की. कार्यक्रम के अंत में वृक्षारोपण कर पथरिया थाना के सभी आरक्षकों ने स्वच्छ पथरिया, हरित पथरिया का संकल्प लिया।
इसके उपरांत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पथरिया में समस्त स्टाफ के समक्ष सी.बी.एम.ओ. डॉ. ई. मिंज ने गंदगी से होने वाली बीमारी के विषय में चर्चा की जिस अवसर पर नगर परिषद् सी. एम. ओ. महेश सारिया ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के समस्त स्टाफ के सदस्यों को स्वच्छता के प्रति प्रेरित किया. प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के सभी स्टाफ के सदस्यों ने स्वच्छ पथरिया, हरित पथरिया का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का तृतीय पडाव रहा माधवराव सप्रे शासकीय महाविद्यालय जहाँ पर नो फ़िकर फाउंडेशन के डायरेक्टर अभिनव मुखुटी ने वर्ष 2014 में प्रारंभ हुए स्वच्छ भारत अभियान के वास्तविक लक्ष्य के प्रति छात्रों को प्रेरित किया तथा स्वच्छ पथरिया बनाने के लिए अनुरोध किया. इस अवसर पर डॉ. विनय वर्मा ने छात्रों को बताया की स्वच्छ भारत अभियान आज जनांदोलन बन गया है, जिसमें सभी नागरिकों को बढ़-चढ़ कर भाग लेना होगा. कार्यक्रम के अंत में माधवराव सप्रे शासकीय महाविद्यालय की छात्राओं द्वारा पर्यावरण संतुलन पर एक लघु नाटिका प्रस्तुत की गई, जिसके उपरांत माधवराव सप्रे शासकीय महाविद्यालय के स्टाफ एवं छात्र-छात्राओं ने स्वच्छ पथरिया, हरित पथरिया का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का समापन रेलवे स्टेशन पर किया गया जहाँ परिसर में नगर परिषद् पथरिया एवं नो फ़िकर फाउंडेशन के सदस्य कैलाश पटेल, रोहित साहू, जितेन्द्र सिंह राजपूत, अक्षय शुक्ला एवं अभिनव मुखुटी द्वारा स्वच्छता अभियान के तहत रेलवे स्टाफ एवं यात्रियों को रेलवे स्टेशन एवं रेल के डिब्बों में स्वच्छता बनाये रखने के प्रति जागरूक किया गया. इस अवसर पर पार्षद सोमनाथ पटेल, राजू अहिरवार, पीर अली खान, आलोक दुबे, निकेत खरे सहित नगर परिषद् के कर्मचारी उपस्थित रहे।