Translate

शुक्रवार, 13 सितंबर 2019

कलेक्टर ने बाईक से किया टूटी सड़क का दौरा।

कलेक्टर ने बाईक से किया टूटी सड़क का दौरा।

हेलमेट ना पहनने की चूक भी आई सामने।


ब्यूरो छतरपुर।  जिले में आपकी सरकार, आपके द्वार कार्यक्रम अंतर्गत ग्रामीणजनों की समस्याओं का शिविर के जरिए त्वरित निराकरण के उद्देश्य से गुरुवार को गौरिहार विकासखण्ड के ग्राम सरबई स्थित शासकीय उ.मा. विद्यालय में शिविर लगाया गया। 
शिविर के अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष कलावती अनुरागी सहित अन्य जनप्रतिनिधियों और कलेक्टर मोहित बुंदस ने ग्रामीणों से अपनी समस्याओं का निराकरण कराने की अपील की और उनकी समस्याएं भी सुनीं। इस दौरान हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण भी किया गया।
शिविर में अधिकतर आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया। शिविर में बताया गया कि किन्हीं कारण से समस्याओं का निराकरण नहीं होने पर आवेदनों को सूचीबद्ध किया जाकर तत्काल समय-सीमा में निराकरण किया जाएगा। जनप्रतिनिधियों, कलेक्टर और अन्य अधिकारियों ने क्षेत्र भ्रमण कर ग्रामीणों से चर्चा की और शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन के बारे में जानकारी ली। शिविर में एसडीएम, तहसीलदार, जनपद पंचायत सीईओ सहित अन्य विभागीय अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद थे।

बाइक से किया सड़क का निरीक्षण।

कलेक्टर श्री बुंदस ने शिविर के दौरान ग्राम सरबई के ग्रामीणजनों की मांग पर खराब सड़क और पुलिया का निरीक्षण करने पहुंचे। सड़क खराब होने के कारण उन्होंने मोटर साइकिल पर बैठकर सड़क का निरीक्षण किया और 15 दिवस के भीतर लगभग 800 मीटर की सीसी रोड का निर्माण कार्य शुरू कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।
इसके अलावा उन्होंने सरबई के अरखनपुरवा और अन्य क्षेत्र में पहुंचकर ग्रामीणों से उनकी समस्याओं और शासकीय योजनाओं के लाभ के बारे में पूछा। कुछ स्कूली बच्चों ने अब तक साइकिल नहीं मिलने की शिकायत की। इस पर उन्होंने तत्काल बीआरसीसी को साइकिल वितरण कराने और छात्र-छात्राओं की अन्य समस्याओं का भी निदान कराने के निर्देश दिए।