सफलता: सोलर-पंप ने बदल दी किसान की तकदीर।
//अभिनय तिवारी,अक्षय जैन//
बड़ामलहरा(छतरपुर)। बड़ामलहरा तहसील के ग्राम सिरोंज निवासी 35 वर्षीय किसान खिलावन सिंह यादव वर्तमान में अपनी लगभग 15 एकड़ कृषि भूमि में उड़द,सोयाबीन और गेहूं की फसल के साथ ही सब्जी का उत्पादन करते हैं।एक वर्ष पहले उन्होंने अपने खेत पर 3 हॉर्स पावर का सोलर पम्प लगवाया है। इसके जरिए वे अपने खेतों की भरपूर सिंचाई करते हैं।
किसान खिलावन ने बताया कि पहले फसलों की पर्याप्त पैदावार के लिए पानी की दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। एक बार छतरपुर में अक्षय ऊर्जा कार्यालय के अधिकारी निरपत सिंह राजपूत से सम्पर्क करने पर शासन की सोलर पम्प योजना की जानकारी लगी। उन्होंने बगैर देरी किए इसकी पूरी जानकारी प्राप्त की और अपने खेत पर सोलर ट्यूबवेल स्थापित करवाया। इसके लिए उन्हें निर्धारित अनुदान राशि का लाभ भी मिल गया। इसके अलावा खिलावन ने खेतों में स्प्रिंकलर सेट भी लगवा लिया है।
खिलावन ने कहा कि अब खेतों में पर्याप्त पानी उपलब्ध होने से अच्छी फसल पैदावार के साथ ही पर्याप्त आमदनी भी प्राप्त कर रहे हैं। सोलर पम्प लग जाने से बिजली का इंतजार भी नहीं करना पड़ता और डीजल पम्प की जगह सोलर पम्प के उपयोग से डीजल की बचत भी होती है। किसान खिलावन ने बताया कि योजना का लाभ मिलने से वह खुश है तथा अपने तीन बच्चों की अच्छी पढ़ाई-लिखाई के साथ ही वृद्ध माता-पिता के साथ परिवार का बढ़िया तरीके से गुजर-बसर हो रहा है।