कलेक्टर ने जिले के ग्रामों का किया भ्रमण....लोगों की बीच पहुंचकर जाना हाल...स्कूली बच्चों से हुये रूबरू।
//रूपेश जैन//नेटवर्क छतरपुर। शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन की जमीनी हकीकत जानने एवं स्कूलों में दक्षता निरीक्षण के लिए कलेक्टर श्री शीलेन्द्र सिंह ने आज 4 ग्रामों का भ्रमण किया। कलेक्टर ने ग्राम कर्री, महाराजगंज, कदारी और अतनियां पहुंचकर शासकीय शालाओं, आंगनबाड़ी केन्द्रों एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का निरीक्षण किया और ग्रामवासियों एवं किसानों से चर्चा कर शासकीय योजनाओं के लाभ और समस्याओं के बारे में चर्चा की। ग्रामवासियों द्वारा कलेक्टर को ग्राम की समस्याओं और सुझावों से भी अवगत कराया गया। कलेक्टर श्री सिंह ने समस्याएं और शिकायतें सुनकर मौके पर ही ग्रामीणों की समस्याओं का निराकरण कराया।
स्कूली बच्चोंं से पूछे सवाल....कलेक्टर श्री सिंह ने शासकीय प्राथमिक शाला महाराजगंज, शासकीय माध्यमिक शाला महाराजगंज, शासकीय प्राथमिक शाला कदारी, शासकीय हाई स्कूल कदारी के बच्चों से स्कूल में मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली और पढ़ाई के बारे में चर्चा कर सवाल भी पूछे। उन्होंने बच्चों को मनोरंजक तरीके से गणित के सवाल हल करना भी सिखाया। मध्यान्ह भोजन कक्ष का निरीक्षण करने के बाद कलेक्टर ने शिक्षकों को नियमित रूप से मीनू अनुसार भोजन प्रदान कराना सुनिश्चित् करने के निर्देश दिए।
कलेक्टर श्री सिंह ने शिक्षकों को निर्देश दिए कि स्कूल परिसर में स्वच्छता का पूरा ध्यान रखा जाए ताकि गंदगी से होने वाले संक्रामक रोगों से बच्चों को सुरक्षित रखा जा सके। शासकीय शाला कदारी में चल रही बालसभा में कलेक्टर स्वयं सम्मिलित हुए। जहां उन्होंने छात्र-छात्राओं को बताया कि उन्हें अपने जीवन में लक्ष्य निर्धारित करना चाहिए, तभी सही दिशा में चल कर सफलता प्राप्त की जा सकती है। उन्होंने शिक्षकों को बेहतर तरीके से अध्यापन कराने और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करने के लिए प्रोत्साहित किया।
भ्रमण के दौरान एसडीएम प्रियांशी भंवर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

