//रमेश अग्रवाल//
नेटवर्क पन्ना। कोविड-19 विश्व महामारी के संक्रमण को रोकने के लिए उठाए गए कदमों के तहत जिले की सीमा के बाहर एवं अन्य राज्यों से आए प्रवासी श्रमिकों को होम क्वारेंटाइन किया गया है। कलेक्टर श्री कर्मवीर शर्मा ने जिले के विभिन्न ग्रामीण अंचलों में पहुंचकर प्रवासी श्रमिकों से रूबरू होकर उनकी समस्याओं की जानकारी ली। उन्होंने श्रमिकों से कहा कि जिन लोगों को होम क्वारेंटाइन किया गया है वे सभी अपने घरों में रहें। घर से बाहर न निकलें और न ही किसी को मिलने के लिए घर पर बुलाएं।
उन्होंने ऐसे प्रवासी श्रमिकों से भी रूबरू होकर चर्चा की जिनके होम क्वारेंटाइन की अवधि पूर्ण हो गयी है। उन्होंने उन लोगों से अपेक्षा करते हुए कहा कि आप लोगों को आपके गांव अथवा गांव के पास ही नरेगा योजना के तहत काम उपलब्ध कराया जा रहा है। वहां जाकर काम करें। इसके अलावा राज मिस्त्री का काम करने वाले श्रमिक प्रधानमंत्री आवास एवं अन्य इसी तरह के शासकीय कार्यो में अपनी सेवाएं दें। जिससे आपके भरण पोषण की आगामी आने वाले समय में व्यवस्थाएं सुचारू रूप से चलती रहें। उन्होंने मौके पर उपस्थित सचिवों एवं रोजगार सहायकों को निर्देश दिए कि जिन श्रमिक परिवारों के जाबकार्ड नही बने हैं उनके जाब कार्ड तुरंत बनाए जाएं। प्रवासी श्रमिकों में ऐसे भी श्रमिक होंगे जो सामाजिक न्याय विभाग की विभिन्न पेंशन योजनाओं में पात्रता रखते होंगे। उनके पेंशन प्रकरण तैयार कर तुरंत स्वीकृत कराए जाएं।
कलेक्टर श्री शर्मा ने इस अवसर पर बिना मास्क लगाए हुए पाए जाने वाले व्यक्तियों को समझाईश देने के साथ मास्क वितरित कर हमेशा लगाने की सलाह दी। उन्होंने प्रवासी श्रमिकों से स्वास्थ्य के साथ साथ अन्य कठिनाईयों की जानकारी ली। ग्राम तिलगवां के प्रवासी श्रमिक द्वारा भोजन की समस्या होने की जानकारी दी गयी। कलेक्टर श्री शर्मा ने उसे तुरंत मौके पर खाद्यान्न सामग्री का पैकेट उपलब्ध कराया। उन्होंने सभी श्रमिकों से कहा कि आप लोगों को किसी भी प्रकार की स्वास्थ्य संबंधी परेशानी हो तो तत्काल अपने गांव की आशा वर्कर, बहुउद्देशीय स्वास्थ्य कार्यकर्ता को बताए जिससे आप का स्वास्थ्य परीक्षण कर तुरंत उपचार किया जा सके। मौके पर उपस्थित आंगनवाडी कार्यकर्ता एवं आशा कार्यकर्ता को निर्देश दिए कि आप लोग होम क्वारेंटाइन लोगों के अलावा गांव के सभी लोग के स्वास्थ्य की जानकारी निरंतर लेते रहें। किसी के भी स्वास्थ्य खराब होने की जानकारी तुरंत खण्ड चिकित्सा अधिकारी को दें। जिससे संबंधित बीमार व्यक्ति का उपचार समय पर किया जा सके। कलेक्टर श्री शर्मा द्वारा तिलगवां, जमुनहाई, अहिरगुवा कैम्प, बृजपुर, पहाडीखेरा आदि का भ्रमण कर यहां आए बाम्बे, सूरत, दिल्ली, चेन्नई, भीलवाडा, गोवा आदि के श्रमिकों से मुलाकात कर समझाईश दी। मौके पर उपस्थित पुलिस गश्ती दल को निर्देश दिए कि दल द्वारा निरंतर ग्रामीण अंचलों का भ्रमण कर लोगों को कोरोना से संक्रमण के बचाव की जानकारी दें एवं एक साथ भीड इकठ्ठी पाए जाने पर संबंधितों के विरूद्ध प्रकरण दर्ज करें।
कलेक्टर श्री शर्मा के साथ भ्रमण के दौरान मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री बालागुरू के, एसडीएम पन्ना श्री शेर सिंह मीना के साथ क्षेत्रीय अधिकारी/कर्मचारी साथ रहे।