//रमेश अग्रवाल//
नेटवर्क पन्ना। रहमत और बरकत से लबरेज रमजानुल मुबारक महीने की कड़ी इबादत के बाद परवरदिगार से इनाम पाने का दिन ईदुल फितर का मुबारक त्योहार पूरे पन्ना जिले में सादगी एवं भाईचारे की भावना के साथ मनाया गया। पन्ना शहर एवं जिले की सभी मस्जिदों में शासन की गाइडलाइन के अनुसार लाकडाउन एवं सोशल डिस्टेंस का पालन करते हुए इमाम सहित पांच लोगों ने ईदगाह मस्जिद पहुंचकर ईद की नमाज अदा की। शायद यह पहला मौका था जब मुस्लिम भाई रमजान की इबादत के बाद एक साथ जमा होकर परवरदिगार से दुआ एवं एक दूसरे को गले मिलकर ईद की मुबारकबाद नही दे पाए।
यकीनन यह बहुत बड़ी कुर्बानी है जो इंसानियत और मुल्क की हिफाजत के लिये लाजिम और जरूरी था। मुस्लिम भाइयों ने धैर्य एवं संयम का परिचय देते हुए भाईचारे एवं कौमी एकता की भावना के प्रतीक ईदुल फितर के त्यौहार पर ईद की 2 रकात की नमाज अपने अपने घरों में अदा की और परवरदिगार से कोरोना जैसी घातक बीमारी से पूरी दुनिया को निजात देने एवं मुल्क में अमन चैन सलामती की दुआ की। ईद के मौके पर मुस्लिम भाइयों ने कब्रिस्तान जाकर अपने मरहूमीन को इसाले सबाब किया। मुस्लिम समाज के सदर इमरान खान ने बताया कि इस बार हमने मस्जिद से एक दिन पहले ही अलाउंस कर दिया था कि समुदाय के लोग अपने अपने घर मे ईद की नमाज पढ़े एवं सामाजिक स्तर पर भी कोई कार्यक्रम नहीं रखे। इस अवसर पर उन्होंने कलेक्टर,पुलिस अधीक्षक सहित जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन का आभार माना कि उनकी वजह से हम सभी लोग घर पर सुरक्षित है।