नेटवर्क भोपाल। देश के लोकसभा स्पीकर ओम बिरला ने सोमवार को जूम ऑनलाइन के जरिए देशभर के जैन समाज के प्रमुख 500 लोगों से सीधा संवाद किया।
श्री भारतवर्षीय दिगंबर जैन महासभा की पहल पर हुए इस कार्यक्रम में स्पीकर ने जैन डॉक्टर्स ऑनलाइन पोर्टल का भी शुभारंभ किया।
कार्यक्रम के शुभारंभ में महासभा के अध्यक्ष निर्मल कुमार सेठी ने स्पीकर का स्वागत किया। कार्याध्यक्ष जमुनालाल हपावत ने बताया कि कोरोना संकट के समय महासभा ने साथी हाथ बढ़ाना योजना शुरू की इस योजना के तहत देशभर के 250 लोगों ने रात-दिन मेहनत करके समाज के 6000 लोगों के घरों में राशन पहुंचाने का कार्य किया। इसके अलावा जरूरतमंद लोगों को मेडिसीन की भी मदद की। उन्होंने बताया कि कोरोना के बाद विषम परिस्थितियों को देखते हुए महासभा ने जैन समाज के 30 हजार ऐसे लोगों का डाटा तैयार किया है, जिन्हें रोजगार की आवश्यकता होगी। इनमें से लगभग 5 हजार लोगों को तत्काल सहायता देने की आवश्यकता है।
हपावत जी ने बताया कि ऑनलाइन डॉक्टर्स पोर्टल के माध्यम से देशभर के जैन समाज के लोगों को नि:शुल्क चिकित्सा पारामर्श दिया जाएगा। इस पोर्टल पर देश के बड़े-बड़े डॉक्टर जुड़े हुए हैं।
इस अवसर पर ओम बिरला ने कहा कि जैन समाज आज भी भगवान महावीर के सिध्दातों पर चलकर देश और समाज की सेवा में लगा हुआ है। कोरोना महामारी की विषम परिस्थितियों में जिस तरह समाज ने आगे आकर लोगों की सेवा की है उसके लिए लोकसभा स्पीकर की हैसियत से में समाज को साधुवाद देता हूं। उन्होंने कहा कि इस महामारी के बाद देश और समाज में व्यापक बदलाव आने वाले हैं। शिक्षा के साथ-साथ चिकित्सा भी ऑनलाइन होगी। उन्होंने कहा कि जैन समाज ने चिकित्सा के क्षेत्र में तो पोर्टल तैयार किया है शिक्षा के क्षेत्र में भी आगे आना चाहिए।
स्पीकर ओम बिरला ने मुरादाबाद स्थित तीर्थंकर महावीर मेडीकल यूनिवर्सिटी के कुलपति सुरेश जैन को इस बात के लिए बधाई दी कि उन्होंने मेडिकल कॉलेज में सभी गतिविधियां रोककर 400 डॉक्टरों और 500 नर्सों के साथ इसे कोविड सेंटर का रूप दिया है। यहां सैकड़ों लोगों के प्राण बचाकर उनके जीवन की रक्षा की है।
स्पीकर से जैन समाज के अनेक लोगों ने सवाल जवाब किए और उन्हें कुछ सुझाव भी दिए। सबसे पहला सवाल करने का अवसर अग्निबाण भोपाल के संपादक रवीन्द्र जैन को मिला। उन्होंने विनम्रता पूर्वक स्पीकर से निवेदन किया कि देशभर की आंगनबाड़ियों में अंडे और नॉनवेज को रोकने और देश से मांस निर्यात की योजना को हतोत्साहित करने का प्रयास करें। स्पीकर ने भरोसा दिलाया कि इस क्षेत्र में वे यथासंभव प्रयास करेंगे। जमुनालाल हतावत के सवाल के जवाब में स्पीकर ने कहा कि कोरोना महामारी के बाद जो बदलाव होंगे उसमें जैन समाज की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। ऑनलाइन शिक्षा की बात हो या लोगों को रोजगार देने की जैन समाज इसमें महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
तो वही इसके अलावा बुंदेलखंड के भूमिपुत्र पवन घुवारा ने बुंदेलखंड के विकास एवं भीमकुण्ड के गंगा जल का उपयोग विभिन्न कार्यों में लाने की भी बात कही।
इस संवाद में इंदौर से दिगंबर जैन सोशल ग्रुप फेडरेशन के संस्थापक अध्यक्ष प्रदीप कुमार कासलीवाल, फेडरेशन के पूर्व अध्यक्ष हंसमुख गांधी, आगरा से पीएनसी ग्रुप के चेयरमेन प्रदीप जैन, पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य सहित देशभर के उद्योगपति वरिष्ठ अधिकारी, पत्रकार और समाज के विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी मौजूद थे।
कार्यक्रम के बीच में हस्तिनापुर से ब्रह्मचारी रवीन्द्र जी ने पूज्य गणनी आर्यिकारत्न श्री ज्ञानमति माताजी की ओर से सभी को आशीर्वाद दिया। पूरे कार्यक्रम का संचालन पारस जैन लोहाडे जी ने किया।
