नेटवर्क छतरपुर। परोपकार से बड़ा कोई धर्म नहीं है और मानव जीवन का लक्ष्य यही है कि वह दूसरों के काम आ सके। इसी बात को सार्थक करते हुए समाजसेवी मनीष जैन ने सौ किलोमीटर दूर जिला चिकित्सालय पहुंचकर रक्तदान किया और एक जरूरतमंद की जान बचाई। चूंकि पर्यूषण पर्व चल रहा है इसलिए मनीष जैन व्रत थे फिर भी उन्होंने रक्तदान कर मानवता की सच्ची मिसाल पेश की है।
जिला चिकित्सालय में इलाज करा रहे 54 वर्षीय लालूराम अहिरवार निवासी ग्राम रिवई जिला महोबा उ.प्र. का ऑपरेशन हुआ है और उन्हें रक्त की जरूरत थी। पहले उनके परिजन रक्तदान कर चुके हैं लेकिन इसके बावजूद भी उनकी प्राणरक्षा के लिए रक्त की आवश्यकता थी। जैसे ही इस बात की सूचना बक्स्वाहा निवासी समाजसेवी मनीष जैन को मिली। वे रक्तदान का व्रत लेकर बक्स्वाहा से छतरपुर रवाना हुए और जिला अस्पताल पहुंचकर रक्तदान किया।
इस बात की सूचना मिलने पर डिप्टी कलेक्टर राहुल सिलाडिय़ा भी समाजसेवी मनीष जैन का हौंसला अफजाई करने जिला चिकित्सालय पहुंच गये। मनीष जैन द्वारा किये गये रक्तदान से लालूराम अहिरवार की हालत में सुधार हुआ है। वहीं मनीष जैन का कहना है कि पर्यूषण पर्व में वे व्रत रह रहे हैं और इस तरह रक्तदान से किसी की जीवन रक्षा करके उनका व्रत सार्थक हो गया।