Translate

शनिवार, 5 जून 2021

#savebuxwahaforest को ट्विटर पर चलाया गया अभियान, पर्यावरण बचाने के लिए जलाए दीपक।


//रत्नेश रागी//

बक्सवाहा(छतरपुर)।  बुंदेलखंड के छतरपुर जिले के बक्स्वाहा क्षेत्र मे देश का सबसे बड़ा हीरा भंडार पाया गया है। बकस्वाहा के जंगल की जमीन में 3.42 करोड़ कैरेट हीरे दबे होने का अनुमान है, और इन्हें निकालने के लिए 382.131 हेक्टेयर का जंगल खत्म किया जाएगा। वन विभाग ने जंगल के पेड़ों की गिनती की है, जो 2,15,875 है। इन सभी पेड़ों को काटा जाएगा। इनमें लगभग 40 हजार पेड़ सागौन के हैं, इसके अलावा केम, पीपल, तेंदू,महुआ, अचार सहित जामुन,बैल, हर्र, बहेड़ा, अर्जुन जैसे औषधीय पेड़ भी हैं। अगर इतनी तादात में एक साथ वृक्षों को काटा जायेगा तो  पूरे बुंदेलखंड पर इसका क्या दुष्प्रभाव पड़ेगा इसकी कल्पना नही की जा सकती है। 5 जून विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर दोपहर 2 बजे से युवाओं ने #savebuxwahaforest को ट्विटर पर ट्रेंड कराने का बीड़ा उठाया और हज़ारों की संख्या में लोगों ने इस मुहिम में भाग लिया  शाम 4 बजे तक पचास हजार से अधिक लोग इस मुहिम में शामिल होकर ट्वीट कर चुके थे। साथ ही "एक दीया प्रकृति के नाम" नामक अभियान के माध्यम से पर्यावरण दिवस की शाम समस्त देशवासियों से एक दीया जलाने का आव्हान पर बड़ी संख्या में लोगों ने दीप प्रज्वलित कर अपनी भूमिका निभाई। यह इस बात का प्रतीक होगा कि हम सभी पर्यावरण और प्रकृति के लिए साथ खड़े हैं।