Translate

शुक्रवार, 12 नवंबर 2021

बक्सवाहा। नैनागिर में होगा श्री 1008 मज्जिनेन्द सिद्ध जिनबिंब पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव एवं विश्व शांति महायज्ञ का आयोजन...उसके पहले विधायक ने नैनागिर को दी एक सौगात।

//विनोद कुमार जैन//

बक्सवाहा(छतरपुर)। बुंदेलखंड के प्रसिद्ध जैन तीर्थ नैनागिर में आगामी 20 नवंबर 2021 से 25 नवंबर 2021 तक श्री 1008 मज्जिनेंद्र सिद्ध जिनबिंब पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव एवं विश्व शांति महायज्ञ का आयोजन विविध कार्यक्रमों के साथ आयोजित होने जा रहा है।

पंचकल्याणक महोत्सव समिति के महामंत्री श्री राजेश रागी ने आज बताया कि वरदत्तादि मुनिराजों की साधना, तपस्या स्थली व निर्वाण भूमि श्री दिगंबर जैन सिद्धक्षेत्र नैनागिर में आयोजित होने वाले पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव में परम पूज्य आचार्य श्री 108 उदार सागर जी महाराज का ससंघ सहित मंगल सानिध्य होने जा रहा है, जो प्रतिष्ठाचार्य ब्रम्हचारी पंडित श्री जयनिशांत भैयाजी के नेतृत्व में आयोजित होगा।

तथा जैन तीर्थ नैनागिर पहुँचने के लिए छतरपुर जिला मुख्यालय से महज - 115 किलोमीटर की दूरी एवं सागर से 60 किलोमीटर तथा भोपाल से 225 किलोमीटर की दूरी तय करते हुए पहुंचा जा सकता है।

वहीं नज़दीकी रेलवे स्टेशन दमोह 78 किलोमीटर की दूरी पर है।

•  विधायक का प्रयास नैनागिर में की जाएगी तमाम व्यवस्थाएं।

क्षेत्रीय विधायक एवं नागरिक खाद्य आपूर्ति निगम अध्यक्ष प्रदुमन सिंह लोधी की भी यह मंशा है कि नैनागिर में आयोजित होने वाले पंचकल्याणक महा महोत्सव में हमारे द्वारा जो भी व्यवस्थाएं कराई जा सकती हैं उन्हें पूर्ण कराने का निरंतर प्रयास किया जाएगा।

विधायक प्रतिनिधि भरत चौरसिया ने शुक्रवार को बताया कि माननीय विधायक जी के निर्देशन पर अभी नैनागिर में 1 बोर कराया गया है जिससे ग्रामीणों के लिए तथा क्षेत्र के लिए पानी की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित हो सके एवं उसके अलावा नैनागिर पंचकल्याणक महोत्सव की शुरुआत से पूर्व ही हमारे द्वारा पर्याप्त बिजली की व्यवस्था, पुलिस व्यवस्था, चिकित्सा व्यवस्था तथा सड़क व्यवस्था का कार्य भी पूर्ण रूप से किया जाएगा। इसके साथ ही प्रबंध कमेटी की जो भी मांग होगी उन सभी मांगों को पूर्ण करने का प्रयास हमारे द्वारा किया जाएगा।