//अम्मू सोनी//
बक्सवाहा(छतरपुर)। देव प्रबोधिनी एकादशी के अवसर पर ग्यारस मेला प्रांगण में स्वयंसेवी संस्था आवाज द्वारा शासकीय महाविद्यालय बकस्वाहा की एनएसएस इकाई, उत्थान सेवा संस्थान, कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, महिला बाल विकास विभाग, अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के सहयोग से बाल तस्करी एवं बाल संरक्षण विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें जनसमुदाय को बच्चों द्वारा आकर्षक रंगोली, मेहंदी एवं कलाकारों द्वारा लोकगीत गाकर बाल तस्करी के प्रति जागरूक किया।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि एवं वक्ता के रूप शासकीय महाविद्यालय बकस्वाहा के प्राचार्य श्री शिवम शुक्ला ने अपने उदबोधन में कहा कि वर्तमान समय में बाल तस्करी की समस्या बहुतायत में सर्वत्र व्याप्त है। यद्यपि केंद्र एवं राज्य सरकारों द्वारा उक्त समस्या से निपटने हेतु आवश्यक कानून बनाए गए हैं तथापि हमें सभी नागरिकों को भी जागरूक करने की आवश्यकता है ताकि बाल तस्करी जैसी समस्या से प्रभावी ढंग से छुटकारा मिले।
शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के प्राचार्य श्री अरविंद तिवारी ने अपने उद्बोधन में कहा कि यदि कोई बच्चा गुम गया है अथवा हमें अपने आसपास कोई ऐसा बच्चा दिखता है जो आसपास का नहीं है, तो तत्काल चाइल्ड लाइन को 1098 नंबर पर तथा पुलिस को 100 नम्बर पर सूचना दें।
प्रख्यात पर्यावरणविद श्री महेंद्र साथी ने बताया कि रोजगार का लालच देकर अनाधिकृत ठेकेदार द्वारा लोगों को अपने साथ ले जाकर विनिन्न कामों में बंधक के रूप में लगा दिया जाता है जहां उनका सभी प्रकार से शोषण किया जाता है। ऐसी परिस्थिति में प्रशासकीय प्रयासों के साथ ही सामान्य जनमानस में जागरूकता पैदा करना अत्यंत आवश्यक है जिससे मानव/बाल तस्करी जैसी विकराल समस्या को खत्म किया जा सके।
कार्यक्रम के अंत में देवकीनंदन गंधर्व पूर्व नगर परिषद अध्यक्ष ने मानव/बाल तस्करी रोकने हेतु निर्मित विभिन्न कानूनों पर विस्तृत रूप से प्रकाश डाला एवं बताया कि यदि हमारे आसपास से कोई भी व्यक्ति बाहर काम पर जाता है तो पंचायत में रजिस्टर पर एंट्री/पंजीयन अवश्य कराए ताकि किसी भी परेशानी असुविधा में आपको खोजने में एवं प्रशासन द्वारा संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध प्रकरण दर्ज करने में आसानी हो।
कार्यक्रम में मुख्य रूप से शासकीय महाविद्यालय बकस्वाहा के राष्ट्रीय सेवा योजना कार्यक्रम अधिकारी श्री अवधेश प्रताप सिंह सहायक प्राध्यापक समाजशास्त्र, बहादुर सिंह ठाकुर कम्प्यूटर ऑपरेटर, आवाज संस्था के जिला समन्वयक शिवम तिवारी, ब्लॉक समन्वयक रामनाथ सिंह ठाकुर सहित बड़ी संख्या में आंगनवाड़ी कार्यकर्ताएं, महाविद्यालय की एनएसएस इकाई के छात्र एवं शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बकस्वाहा की छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।