//सौरभ जैन//
बक्सवाहा(छतरपुर)। सकल दिगंबर जैन समाज बकस्वाहा ने प्रधानमंत्री के नाम तहसीलदार त्रिलोक सिंह पोसाम को एक पत्र देकर श्री सम्मेद शिखरजी को पवित्र धार्मिक स्थल क्षेत्र घोषित करनें की मांग की है।
उन्होंने कहा कि झारखंड राज्य में स्थित श्री सम्मेद शिखरजी पहाड़ी पौराणिक काल से ही जैन धर्म के अनु यायिओं का सबसे बड़ा तीर्थ क्षेत्र रहा है। पहाड़ का कण-कण एक मंदिर परिसर के समान पूज्यनीय एवं वंदनीय है। साल के बारहों महीनें विश्व भर से लाखों जैन तीर्थयात्री बेहद श्रद्धाभाव के साथ झारखंड की सबसे ऊंची पहाड़ी चढकर वंदना करने जाते है। पत्र में उन्होंने प्रधानमंत्री से कहा कि कुछ महीनों से श्रद्धा के इस अक्षुण्ण तीर्थ स्थल की पवित्रता और सुचिता को सैर सपाटे व पिकनिक के नाम पर नष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है।
पिकनिक, ट्रेकिंग या फिर मात्र मनोरंजन के लिये आने वाले यात्री इस पवित्र पहाड़ पर मांसाहार व शराब का सेवन करते पाए गए हैं जो अहिंसा व शान्ति प्रेमी जैन समुदाय के लिये बेहद पीड़ाजनक है साथ ही साथ कभी भी कोई छोटी सी चिंगारी इस पूरे क्षेत्र के साथ-साथ पूरे देश में एक बड़े विवाद व विरोध का कारण बन सकती है। उन्होंने प्रधानमंत्री से क्षेत्र में मांसाहार व शराब के विक्रय के साथ-साथ सेवन के भी कड़े प्रतिबंध व दण्ड को लेकर राजाज्ञा जारी करने की मांग की है। संजय देहाती, सुकमाल जैन, प्रकाशचंद्र जैन, महेंद्र कुमार जैन, प्रमोद जैन सहित सकल दिगंबर जैन समाज बकस्वाहा की उपस्थिति में पत्र सौंपा गया।