Translate

मंगलवार, 1 फ़रवरी 2022

छतरपुर। केन-बेतवा परियोजना को बजट मिलने पर विधायक ने जताया आभार...लंबी लड़ाई के बाद सुधरेंगे सिंचाई के हालात:- आलोक चतुर्वेदी



//आशीष मिश्रा//

सिटी छतरपुर। बुन्देलखण्ड की जल समस्याओं को दूर करने के लिए 15 वर्ष पूर्व प्रस्तावित हुई केन-बेतवा लिंक परियोजना को भारत सरकार के द्वारा 1400 करोड़ रूपए बजट प्रदान किए जाने पर छतरपुर विधायक आलोक चतुर्वेदी पज्जन भैया ने भारत सरकार को धन्यवाद ज्ञापित करते हुए छतरपुर जिले के निवासियों को बधाई दी है। उन्होंने कहा कि लंबे समय से बुन्देलखण्ड के लोग इस परियोजना को बजट दिए जाने की मांग कर रहे थे। आज लोगों की मांग पूरी हुई। उल्लेखनीय है कि यह योजना 44605 करोड़ रूपए लागत की है। दोनों नदियों को जोडऩे का काम 8 वर्षों में पूरा होगा। इससे छतरपुर सहित प्रदेश के कई जिलों को सिंचाई सुविधाएं मिलेंगी। 

उल्लेखनीय है कि केन-बेतवा लिंक परियोजना को जल्द से जल्द शुरू कराने के लिए बुन्देलखण्ड के कई जनप्रतिनिधियों ने संयुक्त रूप से प्रयास किए जिसमें छतरपुर विधायक आलोक चतुर्वेदी भी शामिल रहे। श्री चतुर्वेदी ने बताया कि वर्ष 2019-20 और 2021  में वे सतत् रूप से इस योजना को बजट दिलाने के लिए पत्राचार करते रहे। उन्होंने 31 जुलाई 2019 को जल शक्ति मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत को पत्र  लिखकर बजट मंजूर करने की मांग की थी जिसका जवाब श्री शेखावत के द्वारा 19 अगस्त 2019 को दिया गया था। इसके अलावा उन्होंने 03.03.2021 को मप्र शासन के जल संसाधन विभाग के उपसचिव को भी पत्र लिखकर परियोजना को शीघ्र प्रारंभ करने का अनुरोध किया था। श्री चतुर्वेदी के द्वारा इस संबंध में विधानसभा के भीतर अशासकीय संकल्प भी प्रस्तुत किया था। इतना ही नहीं उन्होंने छतरपुर की आवाज बनकर पिछले तीन वर्षों में कई बार सदन में केन-बेतवा परियोजना को शीघ्र शुरू कराने और बजट देने की मांग को पुरजोर तरीके से उठाया। हालांकि 15 वर्षों के लंबे इंतजार के बाद इस योजना को बजट मिलने से अब बुन्देलखण्ड में सिंचाई और पेयजल के पर्याप्त साधन निर्मित हो जाने की आशा बंधी है जिस पर विधायक ने सरकार को धन्यवाद देते हुए जनता को बधाई दी।